TCS Nashik Case: नासिक के चर्चित यौन उत्पीड़न और कथित धर्मांतरण मामले में आरोपी निदा खान को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। देश की प्रमुख आईटी कंपनी टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) ने सख्त कार्रवाई करते हुए उन्हें सस्पेंड कर दिया है। वहीं, आज उनकी अग्रिम जमानत याचिका पर कोर्ट में अहम सुनवाई होनी है, जिस पर पूरे मामले की दिशा निर्भर मानी जा रही है।
कंपनी की ओर से 9 अप्रैल 2026 को जारी आधिकारिक पत्र में बताया गया कि निदा खान फिलहाल एक गंभीर आपराधिक मामले के चलते न्यायिक या पुलिस हिरासत में हैं, जिसके कारण वे अपनी जिम्मेदारियां निभाने में सक्षम नहीं हैं। इसी आधार पर उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है।
सस्पेंशन आदेश के मुताबिक, निदा खान 27 दिसंबर 2021 से कंपनी में प्रोसेस एसोसिएट के पद पर कार्यरत थीं। कंपनी ने उनका नेटवर्क एक्सेस तुरंत बंद कर दिया है और निर्देश दिया है कि उनके पास मौजूद सभी कंपनी संपत्तियां वापस जमा कराई जाएं। साथ ही उन्हें किसी भी कार्यालय में रिपोर्ट करने या घर से काम करने की अनुमति नहीं दी गई है।
कंपनी ने यह भी स्पष्ट किया है कि निदा खान इस मामले को लेकर किसी भी कर्मचारी से संपर्क नहीं करेंगी और पूरी गोपनीयता बनाए रखेंगी। आदेश का उल्लंघन करने पर उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जा सकती है।
इधर, आज कोर्ट में उनकी अग्रिम जमानत याचिका पर सुनवाई होनी है। कानूनी विशेषज्ञों के अनुसार, मामले की गंभीरता को देखते हुए यह फैसला आगे की जांच के लिए बेहद अहम साबित हो सकता है।
वहीं, राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) द्वारा गठित सत्यशोधन समिति भी इस मामले की जांच कर रही है। जांच का आज तीसरा दिन है और टीम लगातार तथ्यों को जुटाने में लगी हुई है।
पूरे मामले ने कॉर्पोरेट और सामाजिक दोनों स्तरों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब सबकी नजरें कोर्ट के फैसले और जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं, जो आने वाले दिनों में इस केस की दिशा तय करेंगी।








