Delhi Crime: दिल्ली के द्वारका के जाफरपुर कला इलाके में देर रात एक हेड कांस्टेबल द्वारा नशे की हालत में फायरिंग करने का मामला सामने आया है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल में तैनात हेड कांस्टेबल ने अचानक गोली चला दी, जिसमें दो मजदूरों को गोली लग गई। दोनों मजदूरों की इलाज के दौरान मौत हो गई। फायरिंग के बाद हेड कांस्टेबल मौके से फरार हो गया। द्वारका पुलिस ने मामले में हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
द्वारका इलाके से सामने आए इस सनसनीखेज मामले में बताया जा रहा है कि हेड कांस्टेबल ने अचानक फायरिंग कर दी, जिससे दो मजदूर घायल हो गए थे। इनमें से एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि दूसरे ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार, यह घटना द्वारका के आउटर इलाके जाफरपुर कला में रात करीब दो बजे की है। स्पेशल सेल में तैनात हेड कांस्टेबल नीरज ने गोली चलाई, जिसमें एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई और एक गंभीर रूप से घायल हो गया था। बाद में दूसरे मजदूर की भी इलाज के दौरान मौत हो गई।
#UPDATE | Delhi | At around 2 am last night in Jaffarpur Kalan, Dwarka, Head Constable Neeraj, posted with the Special Cell, allegedly opened fire, leaving one labourer dead and injuring another. The labourers were partying, and an argument broke out over the noise, which led to… https://t.co/1rEHpmtEF1
— ANI (@ANI) April 26, 2026
पुलिस के मुताबिक, हेड कांस्टेबल नीरज का घर जाफरपुर कला की मेन रोड पर ही है। इसी दौरान कॉलोनी में कुछ मजदूर रह रहे थे, जो पार्टी कर रहे थे और शराब के नशे में थे। शोर-शराबे को लेकर बहसबाजी शुरू हुई, जो बढ़ते-बढ़ते विवाद में बदल गई और इसी दौरान हेड कांस्टेबल ने फायरिंग कर दी।
मामले की जांच में जुटी पुलिस का कहना है कि आरोपी कांस्टेबल फरार है। यह भी जांच की जा रही है कि क्या कांस्टेबल भी नशे में था या नहीं। फिलहाल उसकी तलाश जारी है और हत्या का मामला दर्ज कर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
वहीं मृतक मजदूरों के शवों का पोस्टमॉर्टम कराकर उन्हें परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया की जा रही है। इस घटना ने पुलिस व्यवस्था और कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।






