Suvendu Adhikari PA Murder: पश्चिम बंगाल में राजनीतिक हिंसा के बीच भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी के पर्सनल असिस्टेंट चंद्रनाथ रथ की हत्या को लेकर सियासत तेज हो गई है। गुरुवार को सुवेंदु अधिकारी ने दावा किया कि चंद्रनाथ रथ की हत्या इसलिए की गई क्योंकि उन्होंने ममता बनर्जी को हराया था।
सुवेंदु अधिकारी ने कहा, “जिस तरह से इस हत्या को अंजाम दिया गया, उसकी जितनी निंदा की जाए कम है। भवानीपुर सीट पर ममता बनर्जी की हार इसकी वजह हो सकती है।” उन्होंने इसे पूरी तरह प्लान्ड मर्डर बताया।
“He was killed because he was my aide and I defeated Mamata Banerjee,” says Suvendu Adhikari as he calls PA’s murder “premeditated”
Read @ANI Story I https://t.co/rI8WqquYUi#SuvenduAdhikariPersonalAssistantMurder #PremeditatedAttack #MamataBanerjee #WestBengal pic.twitter.com/WFnroVK39o
— ANI Digital (@ani_digital) May 7, 2026
मां का आरोप- बेटे से लिया गया हार का बदला
चंद्रनाथ रथ की मां ने भी हत्या को राजनीतिक साजिश बताते हुए कहा कि कुछ नेताओं ने पहले धमकी दी थी कि “4 तारीख के बाद कोई बचा नहीं पाएगा।” उन्होंने आरोप लगाया कि चुनावी हार का बदला उनके बेटे की हत्या करके लिया गया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि चंद्रनाथ रथ को चार गोलियां लगी थीं। पुलिस ने इस मामले में तीन लोगों को हिरासत में लिया है, जबकि हत्या में इस्तेमाल की गई बाइक भी बरामद कर ली गई है।
कार रोककर बरसाईं गोलियां, मौके से फरार हुए हमलावर
चंद्रनाथ रथ की हत्या बुधवार रात करीब 10:30 बजे हुई। वे कोलकाता से मध्यमग्राम स्थित अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान डोलतला इलाके में एक कार ने उनकी स्कॉर्पियो का रास्ता रोक लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, तभी बाइक सवार हमलावर पहुंचे और 6 से 10 राउंड फायरिंग की। दो गोलियां चंद्रनाथ के सीने को चीरती हुई निकल गईं, जबकि एक गोली पेट में लगी। उनके ड्राइवर बुद्धदेब बेरा भी गोली लगने से घायल हो गए।
घटना के बाद हमलावर कार छोड़कर बाइक से फरार हो गए। दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने चंद्रनाथ रथ को मृत घोषित कर दिया। ड्राइवर का इलाज जारी है।
ग्लॉक 47X पिस्टल से हमला, प्रोफेशनल शूटर होने का शक
फोरेंसिक जांच के शुरुआती इनपुट में सामने आया है कि हमलावरों ने ग्लॉक 47X पिस्टल का इस्तेमाल किया। जांच एजेंसियों का मानना है कि इतने मॉडर्न हथियार का इस्तेमाल आम अपराधी नहीं करते और वारदात में प्रोफेशनल शूटर शामिल हो सकते हैं।
पुलिस के मुताबिक, हमलावर हेलमेट पहने हुए थे और उनकी बाइक पर नंबर प्लेट नहीं थी। जिस कार से स्कॉर्पियो को रोका गया था, उसकी नंबर प्लेट भी फर्जी निकली है।
1 घंटे बाद भाजपा कार्यकर्ता पर भी फायरिंग
चंद्रनाथ रथ की हत्या के करीब एक घंटे बाद बशीरहाट जिले में भाजपा कार्यकर्ता रोहित रॉय पर भी फायरिंग हुई। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। राज्य में 4 मई को चुनाव परिणाम आने के बाद अब तक पांच लोगों की हत्या हो चुकी है। इनमें तीन भाजपा और दो TMC से जुड़े बताए जा रहे हैं।
सुवेंदु की अपील- कार्यकर्ता शांति बनाए रखें
सुवेंदु अधिकारी ने भाजपा कार्यकर्ताओं से शांति बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने कहा कि पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से जवाब देगी और बंगाल में “गुंडों की सफाई” का अभियान चलाया जाएगा।






