PM Modi Trump Friendship: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जमकर तारीफ करते हुए कहा कि भारत उन पर “100% भरोसा” कर सकता है। ट्रंप ने कहा कि भारत एक शानदार देश है और अमेरिका-भारत संबंध लगातार मजबूत हो रहे हैं।
दरअसल, अमेरिका की आजादी के 250 साल पूरे होने से पहले दिल्ली में एक विशेष समारोह आयोजित किया गया था। इस कार्यक्रम के दौरान भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर ने फोन कॉल पर ट्रंप को कार्यक्रम से जोड़ा। इस बातचीत में ट्रंप ने भारत और पीएम मोदी को लेकर कई सकारात्मक बातें कहीं।
ट्रंप ने कहा, “भारत एक शानदार देश है। हम बहुत अच्छा कर रहे हैं। मैं प्रधानमंत्री मोदी का बहुत बड़ा प्रशंसक हूं। हमें भारत पर 100% भरोसा है। हमारी अर्थव्यवस्था रिकॉर्ड स्तर पर है। PM मोदी मेरे अच्छे दोस्त हैं।”
अमेरिकी राष्ट्रपति ने आगे कहा, “मुझे भारत से प्यार है। मैं वहां मौजूद सभी लोगों को हैलो कहना चाहता हूं। प्रधानमंत्री मोदी बहुत अच्छे इंसान हैं और वो मेरे दोस्त हैं। उन्हें अच्छी तरह पता है कि कब और कहां फोन करना है।”
समारोह में भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने भी भारत-अमेरिका संबंधों पर बात की। उन्होंने कहा कि दोनों देशों की आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में गहरी साझेदारी है और भारत की नीति हमेशा से आतंकवाद के प्रति ‘जीरो टॉलरेंस’ की रही है।
जयशंकर ने कहा कि तेजी से बदलती वैश्विक परिस्थितियों के बीच भारत और अमेरिका के रिश्ते और मजबूत हो रहे हैं। दोनों देश वैश्विक अर्थव्यवस्था को जोखिममुक्त बनाने, सप्लाई चेन मजबूत करने और दुनिया को ज्यादा विकल्प देने की दिशा में मिलकर काम कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि साझा हितों और रणनीतिक सहयोग के आधार पर भारत और अमेरिका आने वाले समय में कई अहम क्षेत्रों में अपनी साझेदारी को और मजबूत करेंगे।






