Donald Trump: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि अगले एक सप्ताह के भीतर ईरान के साथ होर्मुज स्ट्रेट को लेकर समझौता हो सकता है। उन्होंने कहा कि यदि यह समझौता सफल होता है तो यह किसी सैन्य जीत से भी बड़ी उपलब्धि साबित होगी।
एबीसी न्यूज को दिए इंटरव्यू में ट्रंप ने कहा कि अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत जारी है तथा कूटनीतिक समाधान की संभावना बनी हुई है। हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अंतिम समझौते से पहले कुछ महत्वपूर्ण मुद्दों पर सहमति बनना अभी बाकी है।
ट्रंप ने दक्षिणी लेबनान में इजराइली सैन्य कार्रवाई का जिक्र करते हुए कहा, “आज थोड़ी समस्या पैदा हुई थी, लेकिन मैंने उसे बहुत जल्दी संभाल लिया।” उनके इस बयान को क्षेत्र में बढ़ते तनाव को नियंत्रित करने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।
इस बीच ट्रंप ने यह भी दावा किया कि उन्होंने इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू को लेबनान की राजधानी बेरूत पर बड़े पैमाने पर हमले से रोका था। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, ट्रंप ने नेतन्याहू से फोन पर बातचीत के दौरान कड़ी नाराजगी जताई और उन्हें संयम बरतने की सलाह दी।
सूत्रों के मुताबिक ट्रंप ने नेतन्याहू को यह भी याद दिलाया कि उन्होंने कई मौकों पर इजराइल का समर्थन किया है। साथ ही चेतावनी दी कि यदि इजराइल लेबनान पर व्यापक बमबारी करता है तो उसे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और अधिक आलोचना तथा अलगाव का सामना करना पड़ सकता है।
मध्य पूर्व में जारी तनाव के बीच ट्रंप का यह बयान महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि अमेरिका और ईरान के बीच संभावित समझौते को लेकर आने वाले दिनों में क्या प्रगति होती है।
ये भी पढ़ेंः






