Uttarakhand Weather Update: उत्तराखंड में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। प्रदेश के कई हिस्सों में भूस्खलन, सड़क धंसने, मकान गिरने और जलभराव जैसी घटनाएं सामने आई हैं। मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य में सामान्य से 354 फीसदी अधिक वर्षा दर्ज की गई है। हालात को देखते हुए प्रशासन ने एहतियातन कई जिलों में स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों को बंद रखने का फैसला किया है।
देहरादून समेत 9 जिलों में स्कूलों की छुट्टी
भारी बारिश के पूर्वानुमान को देखते हुए देहरादून के जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने 10 जुलाई 2026 को कक्षा 1 से 12 तक के सभी सरकारी, सहायता प्राप्त, निजी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित किया है। इसके अलावा टिहरी, हरिद्वार, ऊधम सिंह नगर, नैनीताल, चंपावत, चमोली, बागेश्वर और पौड़ी जिलों में भी प्रशासन ने स्कूल बंद रखने के आदेश जारी किए हैं ताकि बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
हरिद्वार में पुलिया धंसी, रोडवेज बस फंसी
भारी बारिश के कारण हरिद्वार-नजीबाबाद हाईवे पर गैंडीखाता क्षेत्र में एक पुलिया धंस गई। इसी दौरान वहां से गुजर रही रोडवेज बस बीच रास्ते में फंस गई। बस चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए वाहन को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, हालांकि बस के टायर क्षतिग्रस्त हो गए। फिलहाल सड़क के आधे हिस्से से ही वाहनों की आवाजाही कराई जा रही है।
VIDEO | Uttarakhand: Heavy rain lashes Haridwar. Waterlogging reported in Bhagat Singh Chowk, railway station area, Kankhal and Jwalapur.#Monsoon #HaridwarRains #UttarakhandNews
(Full video available on PTI Videos – https://t.co/n147TvrpG7) pic.twitter.com/4iLiaV8IHp
— Press Trust of India (@PTI_News) July 9, 2026
बारिश से मकान ढहा, चार लोगों को सुरक्षित निकाला गया
हरिद्वार के काली कमली क्षेत्र में लगातार बारिश के चलते एक मकान अचानक भरभराकर गिर गया। मकान के मलबे में चार लोग दब गए। सूचना मिलने पर फायर सर्विस और राहत-बचाव टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद सभी चार लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
आदि कैलाश मार्ग बंद, जवानों की आवाजाही प्रभावित
पिथौरागढ़ जिले में मालपा और लामारी के पास पहाड़ी से लगातार चट्टानें गिरने के कारण आदि कैलाश यात्रा मार्ग बंद हो गया है। सड़क बंद होने से आईटीबीपी (ITBP) और एसएसबी (SSB) के जवानों के साथ स्थानीय लोगों और यात्रियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन की टीम सड़क से मलबा हटाने में जुटी हुई है।
यमुनोत्री हाईवे बंद, 1000 यात्री फंसे
उत्तरकाशी जिले में लगातार हो रही बारिश के कारण स्यानाचट्टी के पास यमुनोत्री हाईवे और नालूपानी के पास गंगोत्री हाईवे पर भूस्खलन हो गया। भारी मात्रा में मलबा और चट्टानें सड़क पर आने से दोनों मार्ग बंद हो गए हैं।
VIDEO | Uttarkashi, Uttarakhand: Landslide blocks Gangotri Highway at Nalu Pani. Efforts underway to clear the debris and resume traffic.#Uttarakhand #GangotriHighway
(Source: Third Party)
(Full video available on PTI Videos – https://t.co/n147TvrpG7) pic.twitter.com/bbF2w1uElE
— Press Trust of India (@PTI_News) July 10, 2026
यमुनोत्री हाईवे बंद होने के कारण करीब 1000 यात्री विभिन्न स्थानों पर फंस गए हैं। प्रशासन ने यात्रियों से सुरक्षित स्थानों पर रुकने और अनावश्यक यात्रा नहीं करने की अपील की है। उत्तरकाशी के जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया और अधिकारियों को जल्द से जल्द सड़क खोलने के निर्देश दिए।
गंगा का जलस्तर बढ़ा, त्रिवेणी घाट का आरती स्थल डूबा
लगातार बारिश के चलते ऋषिकेश में गंगा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। बढ़ते जलस्तर के कारण त्रिवेणी घाट का आरती स्थल पूरी तरह पानी में डूब गया। प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर लोगों से नदी किनारे जाने से बचने की अपील की है।
वहीं रुड़की और पिरान कलियर सहित कई इलाकों में जलभराव होने से लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा।
VIDEO | Rudraprayag, Uttarakhand: Alaknanda, Mandakini rivers swell amid heavy rainfall. Schools shut in the region.#UttarakhandRains #Uttarkashi #Monsoon
(Full video available on PTI Videos – https://t.co/n147TvrpG7) pic.twitter.com/6AJpT2MFob
— Press Trust of India (@PTI_News) July 10, 2026
पौड़ी और टिहरी में भी बिगड़े हालात
पौड़ी जिले के गुमखाल-सतपुली हाईवे पर लगातार मलबा गिरने से सड़क बार-बार बंद हो रही है। उधर टिहरी जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-707A पर लैंडस्लाइड होने से एक मकान क्षतिग्रस्त हो गया। आसपास स्थित कई अन्य मकानों पर भी खतरा मंडरा रहा है। प्रशासन ने प्रभावित परिवारों को सतर्क रहने और जरूरत पड़ने पर सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी है।
5 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के लिए देहरादून, हरिद्वार, ऊधम सिंह नगर, नैनीताल और चंपावत में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
इसके अलावा राज्य के अन्य जिलों में भी हल्की से मध्यम बारिश के साथ कहीं-कहीं तेज बारिश और गरज-चमक की संभावना को देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया गया है।
ये भी पढ़ेंः
ईरान का दावा- अमेरिकी MQ-9 ड्रोन मार गिराया, होर्मुज पर दी चेतावनी; US बोला- 170 सैन्य ठिकानों पर किए हमले
प्रदेश में 71 सड़कें बंद
लगातार हो रही बारिश और भूस्खलन की घटनाओं के कारण उत्तराखंड में इस समय करीब 71 सड़कें बंद हैं। कई संपर्क मार्गों पर मलबा जमा होने से यातायात बाधित है। लोक निर्माण विभाग और प्रशासन की टीमें जेसीबी मशीनों की मदद से सड़कें खोलने का काम कर रही हैं।
बुधवार को भी हुआ था बड़ा भूस्खलन
इससे पहले बुधवार को टिहरी जिले के कद्दूखाल क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-707A पर बड़ा भूस्खलन हुआ था। सड़क किनारे स्थित दुकानों के ऊपर मलबा आ गया, जिससे एक पुरानी खाली इमारत क्षतिग्रस्त हो गई। हालांकि प्रशासन ने पहले ही आसपास के दो रेस्टोरेंट, सड़क किनारे बने खोखे और मजदूरों के अस्थायी शिविर खाली करा दिए थे, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
अगले तीन दिनों का मौसम पूर्वानुमान
10 जुलाई: राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक और तेज बौछारें पड़ने की संभावना है।
11 जुलाई: कुमाऊं मंडल के अधिकांश जिलों में व्यापक बारिश होगी, जबकि गढ़वाल मंडल में भी कई स्थानों पर बारिश और गरज-चमक का दौर जारी रह सकता है।
12 जुलाई: पूरे उत्तराखंड में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ कहीं-कहीं भारी वर्षा होने की संभावना है।
प्रशासन की अपील
राज्य प्रशासन और मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि भारी बारिश के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें, नदी-नालों के किनारे न जाएं और पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन की आशंका वाले स्थानों से दूरी बनाए रखें। चारधाम यात्रा पर निकले श्रद्धालुओं से भी मौसम और सड़क की स्थिति की जानकारी लेने के बाद ही आगे बढ़ने की सलाह दी गई है।
ये भी पढ़ेंः






