Raghav Chadha Delhi Voter List: दिल्ली की वोटर लिस्ट में बीजेपी सांसद राघव चड्ढा का नाम शामिल होने को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) और बीजेपी के बीच सियासी विवाद तेज हो गया है। AAP ने दावा किया है कि राजेंद्र नगर विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची में चड्ढा का नाम बाद में जोड़ा गया। पार्टी ने इसको लेकर चुनाव आयोग से जवाब मांगा है। वहीं, राघव चड्ढा ने AAP के आरोपों को खारिज करते हुए पार्टी पर तीखा हमला बोला है।
ड्राफ्ट लिस्ट में 746 नाम, बाद की सूची में चड्ढा का नाम
AAP के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस मुद्दे को उठाया। उन्होंने दावा किया कि 31 अगस्त को जारी ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में राजेंद्र नगर विधानसभा क्षेत्र में कुल 746 मतदाता थे। इसके बाद आई सूची में राघव चड्ढा का नाम 747वें नंबर पर दिखाई दिया।
भारद्वाज ने सवाल उठाया कि आखिर चड्ढा का नाम दिल्ली की मतदाता सूची में किस प्रक्रिया के तहत और इतनी जल्दी जोड़ा गया।
न्यू राजेंद्र नगर, बूथ/पार्ट नंबर 46 के Draft Electoral Roll में 746 वोटर थे और Raghav Chadha जी का नाम नहीं था।
Raghav Chadha जी खुद दावा कर रहे थे कि वे पंजाब के वोटर हैं और वहीं दोबारा वोट बनवाएंगे। चुनाव आयोग ने भी Draft Electoral Roll फ्रीज़ कर दिया था।
ऐसे में SIR के… pic.twitter.com/BHJajZXDqX
— AAP (@AamAadmiParty) September 8, 2026
पंजाब से नाम कटने के बाद दिल्ली में एंट्री पर सवाल
AAP नेताओं ने राघव चड्ढा के पंजाब के वोटर रिकॉर्ड को लेकर भी सवाल खड़े किए। पार्टी का कहना है कि पंजाब की ड्राफ्ट वोटर लिस्ट से नाम हटने के बाद 3 सितंबर को राघव चड्ढा ने पंजाब में दोबारा नाम जुड़वाने की बात कही थी।
ऐसे में AAP ने पूछा कि यदि उनका नाम पंजाब में दोबारा जुड़वाने की प्रक्रिया चल रही थी, तो दिल्ली की वोटर लिस्ट में उनका नाम इतनी जल्दी कैसे शामिल हो गया?
AAP ने चुनाव आयोग से पूछे कई सवाल
AAP के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनुराग ढांडा ने भी चुनाव आयोग से इस मामले में स्पष्टीकरण मांगा। उन्होंने सवाल किया कि क्या राघव चड्ढा का वोट पंजाब से दिल्ली ट्रांसफर हुआ है? साथ ही उन्होंने यह भी पूछा कि क्या दिल्ली में दर्ज उनका EPIC नंबर वही है, जो पहले पंजाब में था?
AAP नेताओं ने चुनाव आयोग से पूरी प्रक्रिया स्पष्ट करने की मांग की है।
पार्टी ने यह भी सवाल उठाया कि अगर राघव चड्ढा का नाम नियमों के तहत इतनी आसानी से मतदाता सूची में जोड़ा जा सकता है, तो दिल्ली के उन 47 लाख लोगों के लिए भी ऐसी ही प्रक्रिया क्यों नहीं अपनाई जा सकती, जिनके नाम कथित तौर पर मतदाता सूची से हटाए गए हैं।
ये भी पढ़ेंः ईरानी टैंकरों पर अमेरिकी हमला, जवाब में ईरान ने जॉर्डन में US बेस पर दागीं 20 मिसाइलें
राघव चड्ढा ने AAP पर किया पलटवार
AAP के आरोपों पर राघव चड्ढा ने तीखा पलटवार किया। उन्होंने कहा कि ऐसा लगता है कि वह अरविंद केजरीवाल और आम आदमी पार्टी के सपनों में आ रहे हैं और उनके पार्टी छोड़ने को AAP नेतृत्व स्वीकार नहीं कर पा रहा है।
चड्ढा ने तंज कसते हुए कहा कि AAP का व्यवहार “हाल ही में ब्रेकअप हुए किसी दुखी एक्स पार्टनर” जैसा है।
‘मैंने चुनाव आयोग के नियमों का पालन किया’
राघव चड्ढा ने कहा कि उन्होंने मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए चुनाव आयोग की निर्धारित गाइडलाइंस और कानूनी प्रक्रिया का पूरी तरह पालन किया है।
उन्होंने कहा कि तथ्य बिल्कुल स्पष्ट हैं और उन्होंने “चुनाव आयोग की गाइडलाइंस के तहत मौजूद कानूनी रास्ते” का ही इस्तेमाल किया है।
बीजेपी सांसद ने AAP पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी वोटर लिस्ट और अपनी पार्टी की सदस्यता रजिस्टर के बीच का अंतर भूल गई है।
अब चुनाव आयोग के जवाब पर नजर
राघव चड्ढा के नाम को लेकर सामने आए इन दावों के बाद दिल्ली की मतदाता सूची को लेकर एक बार फिर राजनीतिक बहस तेज हो गई है। AAP जहां चुनाव आयोग से प्रक्रिया और रिकॉर्ड को लेकर जवाब मांग रही है, वहीं चड्ढा का कहना है कि उन्होंने सभी नियमों का पालन करते हुए कानूनी प्रक्रिया के तहत अपना नाम दर्ज कराया है। अब इस पूरे मामले में चुनाव आयोग की ओर से क्या स्पष्टीकरण आता है, इस पर सबकी नजर है।






