IndiGo Flight Bomb Threat: लखनऊ से सऊदी अरब के दम्माम जा रही इंडिगो की फ्लाइट में गुरुवार को बम की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। उड़ान के दौरान क्रू मेंबर को विमान के टॉयलेट में एक टिश्यू पेपर मिला, जिस पर अंग्रेजी में ‘Bomb’ लिखा हुआ था। धमकी मिलने के बाद विमान की अहमदाबाद एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई।
अहमदाबाद एयरपोर्ट पर कराई गई इमरजेंसी लैंडिंग
इंडिगो की फ्लाइट 6E 97 ने गुरुवार शाम 4:17 बजे लखनऊ से दम्माम के लिए उड़ान भरी थी। उड़ान के दौरान टॉयलेट में ‘Bomb’ लिखा कागज मिलने के बाद विमान को अहमदाबाद डायवर्ट किया गया। फ्लाइट को शाम 5:55 बजे सरदार वल्लभभाई पटेल इंटरनेशनल एयरपोर्ट, अहमदाबाद पर सुरक्षित उतारा गया। विमान में 107 यात्री और 6 क्रू मेंबर, यानी कुल 113 लोग सवार थे। सभी यात्रियों और क्रू मेंबर को सुरक्षित बाहर निकालकर एयरपोर्ट के टर्मिनल-2 में ले जाया गया।
अहमदाबाद पुलिस ने क्या बताया?
अहमदाबाद पुलिस के मुताबिक, लखनऊ-दम्माम जाने वाली इंडिगो फ्लाइट 6E 97 ने विमान में बम की धमकी मिलने के बाद अहमदाबाद में इमरजेंसी लैंडिंग की। क्रू के एक सदस्य को कागज के एक टुकड़े पर ‘Bomb’ लिखा हुआ मिला था।
पुलिस ने बताया कि विमान में सवार सभी 107 यात्री और 6 क्रू मेंबर सुरक्षित हैं। उन्हें टर्मिनल-2 में रखा गया है।
SOG, पुलिस और CISF ने की जांच
धमकी मिलने के बाद SOG, स्थानीय पुलिस और CISF ने विमान की गहन जांच की। सुरक्षा एजेंसियों ने विमान के अंदर तलाशी अभियान चलाया। हालांकि, जांच के दौरान विमान के अंदर कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक नहीं मिला।
विमान को सुरक्षा जांच के लिए आइसोलेशन एरिया में रखा गया और निर्धारित सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत तलाशी ली गई।
Gujarat | Ahmedabad Police say, “Lucknow-Dammam 6E 97 IndiGo flight made an emergency landing in Ahmedabad after a bomb threat onboard. A member of the crew had found ‘Bomb’ written on a piece of paper. There are 107 passengers and 6 crew membes onboard, all of them are safe at…
— ANI (@ANI) September 10, 2026
ये भी पढ़ेंः गलवान झड़प के बाद पहली बार भारत आएंगे शी जिनपिंग, BRICS में पुतिन से भी होगी मुलाकात; PM मोदी से बैठक संभव
10 दिन पहले भी मिली थी बम की धमकी
गौरतलब है कि 31 अगस्त को भी दम्माम से दिल्ली आ रही एअर इंडिया की फ्लाइट में बम की धमकी मिलने के बाद अहमदाबाद एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई थी। करीब 10 दिन बाद इसी रूट से जुड़ी एक और फ्लाइट में बम की धमकी मिलने से सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं।
बम की धमकी मिलने पर क्या होता है प्रोटोकॉल?
बम की धमकी मिलने के बाद पायलट तुरंत ATC को सूचना देता है और विमान को सुरक्षित एयरपोर्ट पर उतारा जाता है। इसके बाद यात्रियों को विमान से निकालकर सुरक्षित स्थान पर ले जाया जाता है।
विमान को सामान्य पार्किंग की जगह आइसोलेशन-बे में खड़ा कर बम निरोधक दस्ते और सुरक्षा एजेंसियों द्वारा विमान, सामान और कार्गो की जांच की जाती है। विमान को पूरी तरह सुरक्षित घोषित किए जाने के बाद ही आगे की उड़ान की अनुमति दी जाती है।
ये भी पढ़ेंः जेलेंस्की के प्लेन पर मंडराया ड्रोन का खतरा! उड़ान से पहले मोल्दोवा में मचा हड़कंप, नॉर्वे PM बोले- बाल-बाल बचे






