Delhi Gangrape Case: दिल्ली के स्वरूप नगर इलाके में 16 साल की नाबालिग लड़की के साथ गैंगरेप के बाद हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को पकड़ा है। इनमें 19 वर्षीय शिवम उर्फ सुदामा और 16 से 17 साल की उम्र के तीन नाबालिग शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के पास से दो चाकू, वारदात के दौरान पहने गए कपड़े और एक टेंपो बरामद किया है।
पुलिस के मुताबिक, लड़की का शव 13 सितंबर की सुबह कुशक रोड के पास एक खुले मैदान में मिला था। शव पर चाकू से वार के निशान थे। जांच में सामने आया कि लड़की के साथ गैंगरेप के बाद उसकी हत्या की गई थी।
10 सितंबर को आरोपी से मिलने गई थी लड़की
हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, मृतका आरोपियों में से एक को जानती थी। बताया गया कि वह आरोपी 17 साल का है। लड़की 10 सितंबर की शाम उससे मिलने गई थी।
पुलिस अधिकारी ने शुरुआती जांच के आधार पर बताया कि पहले आरोपी ने लड़की के साथ रेप किया। इसके बाद लड़की ने उसे धमकी दी, तो उसने अपने दोस्तों को बुला लिया। पुलिस के मुताबिक, इसके बाद उसके दोस्तों ने भी लड़की के साथ रेप किया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी उस समय शराब के नशे में थे। उनके ब्लड सैंपल जांच के लिए लिए गए हैं।
खेत में ले जाकर चाकू से किया हमला
पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार, रेप के बाद आरोपी लड़की को एक खेत में ले गए। वहां 11 सितंबर की सुबह उस पर चाकू से छह से अधिक बार वार किया गया।
इसके बाद आरोपियों ने शव को पत्तों और कीचड़ के नीचे छिपाने की कोशिश की। वारदात के बाद सभी आरोपी टेंपो से मौके से फरार हो गए।
13 सितंबर को मिला था शव
इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, 13 सितंबर की सुबह पुलिस को कुशक रोड के पास खेतों में एक नाबालिग लड़की का शव पड़े होने की सूचना मिली। शुरुआत में मृतका की पहचान नहीं हो सकी थी।
जांच के दौरान पुलिस को उसके साथ रेप और फिर हत्या किए जाने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस ने संबंधित धाराओं और POCSO एक्ट की धारा 6 के तहत मामला दर्ज किया।
ये भी पढ़ेंः ‘हर राज्य मनमानी करेगा तो देश कैसे चलेगा?’ नवोदय विद्यालय पर सुप्रीम कोर्ट की तमिलनाडु सरकार को फटकार
50 से ज्यादा CCTV कैमरों से मिला सुराग
मामले की जांच में पुलिस ने आसपास के 50 से ज्यादा CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। इस दौरान एक टेंपो संदिग्ध परिस्थितियों में इलाके से गुजरता दिखाई दिया। हालांकि, कम रोशनी के कारण शुरुआत में उसका रजिस्ट्रेशन नंबर स्पष्ट नहीं हो सका।
पुलिस ने टेंपो की आवाजाही वाले रास्तों को ट्रैक किया और अलग-अलग CCTV फुटेज का विश्लेषण किया। इसके बाद टीम खड्डा कॉलोनी में खड़े एक टेंपो तक पहुंची।
टेंपो ड्राइवर से पूछताछ के बाद खुला मामला
पुलिस ने टेंपो के ड्राइवर को हिरासत में लेकर पूछताछ की। इसके बाद जांच में तीन नाबालिगों और शिवम उर्फ सुदामा की भूमिका सामने आई और चारों को पकड़ लिया गया।
पुलिस ने आरोपियों के पास से दो चाकू और खून से सने कपड़े बरामद किए हैं। पुलिस का कहना है कि ये कपड़े वारदात के दौरान पहने गए थे। टेंपो भी बरामद कर लिया गया है।
पुलिस कर रही है आगे की जांच
पुलिस के मुताबिक, CCTV फुटेज और पूछताछ के आधार पर करीब 72 घंटे में मामले का खुलासा किया गया। अब पुलिस चारों आरोपियों की वारदात में अलग-अलग भूमिका की जांच कर रही है।
इसके अलावा पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि क्या इस मामले में कोई और व्यक्ति शामिल था।





