I.N.D.I.A. Bloc Meeting on SIR: SIR यानी स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन को लेकर कल I.N.D.I.A. ब्लॉक के विपक्षी दलों की बैठक होगी। बैठक में SIR के साथ-साथ चुनाव आयोग के भीतर सामने आए मतभेदों पर भी चर्चा होगी। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव बैठक में शामिल नहीं होंगे। उनकी जगह पार्टी के दूसरे नेता बैठक में पहुंचेंगे।
वहीं, शिवसेना (UBT) प्रमुख उद्धव ठाकरे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बैठक से जुड़ेंगे। पार्टी सांसद संजय राउत ने बताया कि पार्टी 2 अक्टूबर को CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ होने वाले प्रदर्शन की तैयारियों में व्यस्त है। सूत्रों के मुताबिक, DMK और AAP का कोई प्रतिनिधि बैठक में शामिल नहीं होगा।
तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के बाद DMK और कांग्रेस के बीच मतभेद सामने आए थे। वहीं, दिल्ली विधानसभा चुनाव में एक-दूसरे के खिलाफ चुनाव लड़ने के बाद कांग्रेस और AAP के बीच भी मतभेद बढ़े हैं। AAP का कहना रहा है कि जहां कांग्रेस होगी, वहां वह शामिल नहीं होगी।
I.N.D.I.A. ब्लॉक की पिछले 3 साल में यह 8वीं बैठक होगी। वहीं, इस साल की यह दूसरी बैठक है। इससे पहले 8 जून को SIR और चुनाव आयोग की स्वतंत्रता के मुद्दे पर विपक्षी दलों की बैठक हुई थी। हालांकि, उस बैठक में AAP और DMK शामिल नहीं हुई थीं।
लखनऊ में किसानों के सम्मेलन में रहेंगे अखिलेश
समाजवादी पार्टी ने बताया है कि अखिलेश यादव 30 सितंबर को लखनऊ में किसानों के सम्मेलन में शामिल होंगे। पार्टी के मुताबिक, अखिलेश की कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से इस बारे में बातचीत भी हुई है।
वहीं, कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने भी कहा कि अखिलेश पहले से तय कार्यक्रम के कारण बैठक में शामिल नहीं हो पाएंगे। उन्होंने राज्यसभा चुनाव के नामांकन से जुड़ी व्यस्तता का भी जिक्र किया था।
ममता, तेजस्वी यादव समेत कई नेताओं के पहुंचने की उम्मीद
I.N.D.I.A. ब्लॉक की बैठक में कांग्रेस की तरफ से पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी शामिल हो सकते हैं। तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी और सांसद अभिषेक बनर्जी के भी बैठक में पहुंचने की उम्मीद है।
इसके अलावा राजद की तरफ से तेजस्वी यादव, जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला और सीपीआई (एम) के महासचिव एमए बेबी के बैठक में शामिल होने की जानकारी सामने आई है।
ये भी पढ़ेंः Trump-Essar की बड़ी डील, अमेरिका में बनेगा $15 अरब का स्टील प्लांट; 2030 से शुरू होगा उत्पादन
27 सितंबर: केजरीवाल से मिले एमए बेबी
27 सितंबर को सीपीआई (एम) महासचिव एमए बेबी ने अरविंद केजरीवाल से मुलाकात की थी। इसके बाद बेबी ने कहा था कि कांग्रेस I.N.D.I.A. ब्लॉक की बैठक को लेकर पार्टियों के बीच समन्वय का काम देख रही है।
बेबी ने कहा था कि उन्होंने अरविंद केजरीवाल को बैठक के लिए न्योता नहीं दिया है। उनके मुताबिक, केजरीवाल ने चुनाव आयोग के खिलाफ मजबूत अभियान चलाने की जरूरत बताई और इस मुद्दे पर अपनी पार्टी के नेताओं से चर्चा करने की बात कही।
बेबी ने यह भी कहा था कि उन्होंने I.N.D.I.A. ब्लॉक से बाहर की पार्टियों को भी पत्र लिखा है।
संसद में CEC के खिलाफ प्रस्ताव लाने पर चर्चा संभव
बैठक में SIR को लेकर चुनाव आयोग के भीतर सामने आए मतभेदों पर चर्चा होगी। इसके साथ ही CEC ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग को लेकर आगे की रणनीति पर भी बात हो सकती है।
कुछ रिपोर्टों के मुताबिक, बैठक में संसद में CEC के खिलाफ प्रस्ताव लाने और विपक्षी दलों की संयुक्त कार्रवाई पर भी चर्चा संभव है।
AAP-DMK पिछली बैठक में नहीं आए, लेकिन संयुक्त पत्र पर किए हस्ताक्षर
I.N.D.I.A. ब्लॉक की बैठक करीब साढ़े तीन महीने बाद हो रही है। इससे पहले 8 जून की बैठक में 23 दल शामिल हुए थे। इसमें मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी, सोनिया गांधी, ममता बनर्जी, अखिलेश यादव, उद्धव ठाकरे, उमर अब्दुल्ला और महबूबा मुफ्ती समेत कई बड़े नेता पहुंचे थे।
AAP और DMK इस बैठक में शामिल नहीं हुए थे। हालांकि, SIR के मुद्दे पर विपक्षी दलों ने 28 जून को CJI सूर्यकांत को संयुक्त पत्र भेजा था। इसमें चुनाव आयोग और चुनाव प्रक्रिया से जुड़े मुद्दे उठाए गए थे। AAP और DMK ने भी इस संयुक्त पत्र पर हस्ताक्षर किए थे।
8 जून 2026 को दिल्ली में जुटे थे 23 दल
बता दें कि इससे पहले I.N.D.I.A. ब्लॉक की सातवीं बड़ी बैठक 8 जून 2026 को दिल्ली के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में हुई थी। इसमें 23 विपक्षी दल शामिल हुए थे। बैठक में SIR, चुनावी प्रक्रिया और आगे की रणनीति समेत कई मुद्दों पर चर्चा हुई थी।
ये भी पढ़ेंः CISF जवान ने साथियों पर की ताबड़तोड़ फायरिंग, असिस्टेंट कमांडेंट समेत 4 की मौत; 150 गोलियों के साथ आरोपी गिरफ्तार





