Guwahati Nightclub Viral Video: असम के गुवाहाटी के खानापारा इलाके में एक नाइटक्लब में महिला के साथ मारपीट और बदसलूकी का मामला सामने आया है। आरोप है कि क्लब में विवाद के बाद महिला को बाउंसर पार्किंग एरिया में ले आए, जहां उसके कपड़े उतारकर उसके साथ मारपीट की गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। मामले में पुलिस ने क्लब के मैनेजर को हिरासत में लिया है।
क्लब के अंदर हुआ था विवाद
मामला द लोकल्स कैफे एंड लाउंज का बताया जा रहा है। इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, महिला कुछ दोस्तों के साथ क्लब पहुंची थी। क्लब के सिक्योरिटी गार्ड ने दावा किया कि महिला ने अंदर एक बाउंसर को बीयर की बोतल से मारा था।
इसके बाद अन्य बाउंसर महिला को पकड़कर चौथी मंजिल से नीचे पार्किंग एरिया में ले आए। हालांकि, विवाद की शुरुआत किस बात को लेकर हुई थी, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है।
पार्किंग में महिला से मारपीट की
गार्ड के मुताबिक, पार्किंग एरिया में लाने के बाद महिला के साथ मारपीट की गई। आरोप है कि उसके ऊपरी शरीर के कपड़े भी उतार दिए गए।
घटना का वीडियो किसी व्यक्ति ने बनाया। वीडियो में महिला पार्किंग में फर्श पर पड़ी दिखाई देती है। उसके ऊपरी शरीर पर कपड़े नहीं हैं, जबकि उसने नीचे काली पैंट पहनी हुई है। वीडियो में दो महिलाएं उसे लात मारती हुई दिखाई देती हैं। आसपास कई अन्य लोग भी खड़े नजर आते हैं।
A woman was allegedly assaulted at a Guwahati nightclub, with viral footage showing a violent confrontation. Police have detained the club manager and are investigating the incident and the roles of those involved.#Guwahati #Assam #WomensSafety #CrimeNews #NewsBreak24 pic.twitter.com/HoDjT96cE6
— NewsBreak24 (@NewsBreak24Live) October 2, 2026
महिला को गोद में उठाने की कोशिश करता दिखा शख्स
घटना से जुड़े एक अन्य वीडियो में एक पुरुष महिला को गोद में उठाने की कोशिश करता दिखाई देता है। इसके बाद एक कार कैमरे के सामने आ जाती है, जिससे कुछ देर के लिए घटनास्थल का दृश्य छिप जाता है।
इसके बाद महिला वीडियो में दिखाई नहीं देती, जबकि कुछ पुरुष वहां आपस में बातचीत करते नजर आते हैं।
पुलिस ने मैनेजर को हिरासत में लिया
ईस्ट गुवाहाटी के डीसीपी तबु राम पेगू के मुताबिक, पुलिस ने क्लब मैनेजर को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
पीड़ित महिला की पहचान अभी सामने नहीं आई है। डीसीपी ने कहा कि अगर महिला की ओर से शिकायत नहीं मिलती है, तो पुलिस खुद मामले में केस दर्ज कर सकती है।
घटना के बाद बंद मिला क्लब
मामले की जानकारी सामने आने के बाद जब मीडियाकर्मी क्लब पहुंचे तो वह बंद मिला। क्लब के अंदर की लाइटें भी बंद थीं।
क्लब मैनेजमेंट की ओर से घटना को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। पुलिस वायरल वीडियो और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।
ये भी पढ़ेंः पीएम मोदी से कैप्टन स्मित ने कहा- घायल था, लेकिन हिम्मत नहीं हारी; बोले- विमान गिर रहा था, आखिरी मौका था




