Rahul Gandhi Delhi Rally: दिल्ली में 1 नवंबर को होने वाली कांग्रेस की महारैली को लेकर सियासत के साथ-साथ व्यापारिक हलकों में भी हलचल तेज हो गई है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर ‘चलो दिल्ली’ का पोस्टर साझा किया। वहीं, दिल्ली के व्यापारियों ने दिवाली के त्योहार के दौरान रैली आयोजित किए जाने पर आपत्ति जताते हुए इसकी तारीख आगे बढ़ाने की मांग की है। व्यापारियों का कहना है कि राहुल गांधी की इस रैली से दिल्ली के 20 से ज्यादा प्रमुख बाजारों का कारोबार प्रभावित हो सकता है और करोड़ों रुपये का नुकसान होने की आशंका है।
राहुल बोले- ज्ञानेश कुमार को हटाएं, 30 सेकेंड में आंदोलन रोक देंगे
राहुल गांधी ने सोमवार को X पर व्यापारियों की चिंताओं पर प्रतिक्रिया देते हुए लिखा कि वह दिल्ली के हर व्यापारी से प्यार करते हैं और उनकी बात सुन रहे हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग करते हुए कहा, “मोदी जी से कहिए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटा दें। 30 सेकंड में आंदोलन रुक जाएगा।”
To every trader in Delhi: We love you and hear you.
The Govt shut the metro, sealed our roads and locked down our capital.
With a stolen vote nothing is safe – your shop, your savings, your children’s future.
Tell Modi to sack accused no. 4, Gyanesh Kumar and the protests will stop in 30 seconds.
दिल्ली के हर व्यापारी से: हम आपसे प्यार करते हैं, आपकी बात सुन रहे हैं।
मेट्रो सरकार ने बंद की, सड़कें सरकार ने सील की, राजधानी पर ताला सरकार ने लगाया।
जब वोट ही चोरी हो जाए, तो कुछ भी सुरक्षित नहीं – न आपकी दुकान, न आपकी बचत, न आपके बच्चों का भविष्य।
मोदी जी से कहिए – आरोपी नंबर 4, ज्ञानेश कुमार को हटाएं, 30 सेकंड में आंदोलन रुक जाएगा।
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) October 26, 2026
राहुल गांधी का यह बयान ऐसे समय आया है, जब दिल्ली के व्यापारी संगठन 1 नवंबर को रामलीला मैदान में होने वाली ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ महारैली को दिवाली के बाद कराने की मांग कर रहे हैं।
कश्मीरी गेट पर व्यापारियों का प्रदर्शन, INDIA गठबंधन को लिखेंगे पत्र
दिल्ली के कश्मीरी गेट इलाके में सोमवार को व्यापारियों ने प्रदर्शन किया। उन्होंने कांग्रेस से अपील की कि दिवाली के त्योहार को देखते हुए महारैली की तारीख आगे बढ़ाई जाए, ताकि बाजारों में खरीदारी और कारोबार प्रभावित न हो।
चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (CTI) के अध्यक्ष बृजेश गोयल ने कहा कि इस मुद्दे पर INDIA गठबंधन के सभी दलों को पत्र लिखा जाएगा। व्यापारिक संगठन ने दिवाली के फेस्टिवल सीजन में करीब 10 हजार करोड़ रुपये के व्यापारिक नुकसान की आशंका जताई है।
दिल्ली के 20 से ज्यादा थोक बाजारों पर पड़ सकता है असर
व्यापारी संगठनों के मुताबिक, रामलीला मैदान के करीब 5 किलोमीटर के दायरे में 20 से ज्यादा प्रमुख थोक बाजार हैं। इनमें चांदनी चौक, सदर बाजार, खारी बावली, नया बाजार, चावड़ी बाजार, दरियागंज और कश्मीरी गेट जैसे बड़े कारोबारी इलाके शामिल हैं।
व्यापारियों का कहना है कि रैली के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, बैरिकेडिंग और यातायात प्रतिबंधों के कारण ग्राहकों को बाजारों तक पहुंचने में परेशानी हो सकती है। दिल्ली के बाहर से रोजाना खरीदारी के लिए आने वाले 3 से 4 लाख खरीदारों की आवाजाही प्रभावित होने की आशंका भी जताई गई है।
रिपोर्टों के मुताबिक, रैली में 10 लाख लोगों के जुटने की संभावना बताई जा रही है, जबकि रामलीला मैदान की क्षमता करीब 50 हजार लोगों की है। व्यापारियों को आशंका है कि बड़ी संख्या में लोगों के जुटने से आसपास के इलाकों में यातायात प्रभावित होगा और इसका सीधा असर कारोबार पर पड़ेगा।
ये भी पढ़ेंः ‘बाप भी जाएगा’ बयान पर खड़गे के खिलाफ शिकायत दर्ज, आज देशभर में प्रदर्शन करेगी BJP
पिछले दिवाली सीजन में हुई थी ₹75 हजार करोड़ की बिक्री
व्यापारी संगठन कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (CAIT) के मुताबिक, 2025 के दिवाली सीजन में दिल्ली के प्रमुख बाजारों में त्योहारी बिक्री करीब 75 हजार करोड़ रुपये तक पहुंच गई थी।
व्यापारियों का कहना है कि दिवाली से पहले बाजारों में खरीदारी बढ़ जाती है। ऐसे में यदि रैली के कारण यातायात और आवाजाही प्रभावित होती है, तो ग्राहकों की संख्या घट सकती है। इससे दुकानदारों और थोक कारोबारियों को नुकसान उठाना पड़ सकता है।
खड़गे ने लोगों से महारैली में शामिल होने की अपील की
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने सोमवार को X पर पोस्ट कर लोगों से 1 नवंबर को रामलीला मैदान में होने वाली ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ महारैली में शामिल होने की अपील की।
खड़गे ने महंगाई का मुद्दा उठाते हुए सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि त्योहारों के मौसम में लोग महंगाई से परेशान हैं और सरकार को उनकी समस्याओं की चिंता नहीं है। खड़गे ने संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए लोगों से महारैली में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की।
SIR और मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ विपक्ष का अभियान
मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर विपक्षी दल लगातार सवाल उठा रहे हैं। INDIA गठबंधन के नेता मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग कर चुके हैं। कांग्रेस की 1 नवंबर की महारैली इसी अभियान का हिस्सा है।
एक तरफ कांग्रेस महारैली की तैयारियों में जुटी है, वहीं दूसरी तरफ व्यापारी संगठन दिवाली के दौरान कारोबार पर पड़ने वाले संभावित असर को लेकर चिंतित हैं। व्यापारियों ने रैली की तारीख आगे बढ़ाने की मांग की है। अब देखना होगा कि कांग्रेस नेतृत्व इस मांग पर क्या फैसला लेता है।
ये भी पढ़ेंः SIR विवाद: फॉर्म-6 में बदलाव नहीं किया! चुनाव आयोग ने सुप्रीम कोर्ट में दाखिल किया हलफनामा, कल होगी सुनवाई






