IPL 2026, GT vs RR, Qualifier-2: आईपीएल 2026 के क्वालिफायर-2 में गुजरात टाइटन्स (GT) ने राजस्थान रॉयल्स (RR) को 7 विकेट से हराकर फाइनल में जगह बना ली। मुल्लांपुर के महाराजा यादवेंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में गुजरात ने 215 रन का विशाल लक्ष्य 18.4 ओवर में ही हासिल कर लिया। अब 31 मई को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में गुजरात टाइटन्स का सामना फाइनल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से होगा।
राजस्थान ने खड़ा किया था 214 रन का बड़ा स्कोर
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी राजस्थान रॉयल्स की शुरुआत बेहद खराब रही। यशस्वी जायसवाल महज 1 रन बनाकर आउट हो गए, जबकि ध्रुव जुरेल भी सिर्फ 7 रन ही जोड़ सके। इसके बाद युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने मोर्चा संभाला और आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 47 गेंदों पर 96 रन ठोक दिए। उनकी पारी में 8 चौके और 7 छक्के शामिल रहे।
रवींद्र जडेजा ने नाबाद 45 रन बनाए, जबकि डोनोवन फरेरा ने सिर्फ 11 गेंदों में 38 रन की विस्फोटक पारी खेली। इन पारियों की बदौलत राजस्थान ने 20 ओवर में 6 विकेट पर 214 रन बनाए। गुजरात की ओर से कगिसो रबाडा और जेसन होल्डर ने 2-2 विकेट लिए।
गुजरात के ओपनर्स ने राजस्थान को मैच से बाहर किया
215 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुजरात टाइटन्स को कप्तान शुभमन गिल और साई सुदर्शन ने धमाकेदार शुरुआत दिलाई। दोनों बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए मजबूत साझेदारी कर राजस्थान के गेंदबाजों पर दबाव बना दिया।
साई सुदर्शन ने 58 रन की शानदार पारी खेली, लेकिन 167 रन के स्कोर पर हिट विकेट होकर आउट हो गए। इसके बाद शुभमन गिल ने अपनी आक्रामक बल्लेबाजी जारी रखी और सिर्फ 52 गेंदों में 104 रन ठोक दिए। गिल ने अपनी कप्तानी पारी से मैच पूरी तरह गुजरात के पक्ष में कर दिया।
ये भी पढ़ेंः
बकरीद पर पुरानी रंजिश का बदला, मुस्लिम दोस्तों ने हिंदू युवक की चाकू गोदकर हत्या की; इलाके में तनाव का माहौल
गिल के शतक ने खत्म की राजस्थान की उम्मीदें
जब शुभमन गिल आउट हुए तब गुजरात को जीत के लिए 30 गेंदों में सिर्फ 33 रन चाहिए थे। वॉशिंगटन सुंदर ने 16 रन बनाए, जबकि राहुल तेवतिया और अन्य बल्लेबाजों ने टीम को आसानी से लक्ष्य तक पहुंचा दिया। गुजरात ने 8 गेंद शेष रहते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया।
वैभव की दूसरी बड़ी पारी भी टीम को नहीं बचा सकी
वैभव सूर्यवंशी के लिए यह सीजन यादगार रहा, लेकिन लगातार दूसरे नॉकआउट मुकाबले में उनकी बड़ी पारी टीम को जीत नहीं दिला सकी। इससे पहले एलिमिनेटर में भी वह 97 रन बनाकर आउट हुए थे, जबकि अब क्वालिफायर-2 में 96 रन की शानदार पारी खेलने के बावजूद राजस्थान को हार का सामना करना पड़ा।
हेड-टू-हेड में गुजरात का दबदबा कायम
गुजरात टाइटन्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच अब तक 11 मुकाबले खेले जा चुके हैं। इनमें गुजरात ने 8 मैच जीते हैं, जबकि राजस्थान को सिर्फ 3 मुकाबलों में सफलता मिली है। क्वालिफायर-2 की जीत के साथ गुजरात ने इस रिकॉर्ड को और मजबूत कर दिया।
ये भी पढ़ेंः







