India Weather Update: देशभर में मौसम के दो अलग-अलग रूप देखने को मिल रहे हैं। एक तरफ उत्तर प्रदेश में तेज आंधी-तूफान और बारिश ने भारी तबाही मचाई है, तो दूसरी तरफ राजस्थान और मध्य प्रदेश भीषण गर्मी और हीटवेव की चपेट में हैं। कई राज्यों में मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है।
उत्तर प्रदेश में आंधी-तूफान से 94 मौतें
उत्तर प्रदेश के प्रयागराज, अयोध्या समेत करीब 30 जिलों में बुधवार को तेज आंधी-तूफान और खराब मौसम के कारण 94 लोगों की मौत हो गई। सबसे ज्यादा 17 मौतें प्रयागराज में और 16 मौतें भदोही में दर्ज की गईं। कई जगह पेड़ गिरने, दीवार ढहने और बिजली गिरने की घटनाएं सामने आई हैं।
राज्य के कई हिस्सों में करीब 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चली। बरेली में एक युवक टीनशेड समेत हवा में उड़ गया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वहीं बांदा में तापमान 45.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
मौसम विभाग ने आज प्रदेश के 51 जिलों में तेज आंधी, बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है। प्रशासन को सतर्क रहने और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है।
ये भी पढ़ेंः
क्या देश में लगेगा लॉकडाउन? पीएम मोदी की अपील पर पेट्रोलियम मंत्री का बड़ा बयान
राजस्थान में भीषण गर्मी, कई जिलों में रेड अलर्ट
राजस्थान में गर्मी लगातार रिकॉर्ड तोड़ रही है। जैसलमेर लगातार चौथे दिन देश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां बुधवार को तापमान 46.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने आज बीकानेर, जोधपुर, जैसलमेर और बाड़मेर में भीषण गर्मी को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा 13 जिलों में हीटवेव की चेतावनी दी गई है। दिन के साथ-साथ रात में भी गर्मी से राहत नहीं मिल रही है।
मध्य प्रदेश के 25 से ज्यादा जिले हीटवेव की चपेट में
मध्य प्रदेश में भी गर्म हवाओं का असर लगातार बढ़ रहा है। प्रदेश के 25 से ज्यादा जिलों में हीटवेव की स्थिति बनी हुई है, जो 18 मई तक जारी रह सकती है।
बुधवार को खजुराहो में तापमान 45.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग ने आज इंदौर, उज्जैन, धार और रतलाम में हीटवेव का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में वार्म नाइट यानी रात में भी सामान्य से ज्यादा तापमान रहने की चेतावनी दी गई है।
हरियाणा में तापमान बढ़ा, 17 मई से हीटवेव का अलर्ट
हरियाणा में भी गर्मी का असर तेज हो गया है। पिछले 24 घंटों में राज्य के अधिकतम तापमान में 1.1 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई।
राज्य के पांच शहरों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया, जिसमें नारनौल सबसे गर्म रहा। यहां तापमान 42.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग ने 17 मई से राज्य में हीटवेव का यलो अलर्ट जारी किया है।
बिहार और उत्तराखंड में बारिश का अलर्ट
बिहार के पूर्णिया, कटिहार समेत सात जिलों में आज तेज बारिश और आंधी का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में भी मौसम बदलने की संभावना है। मौसम विभाग ने कई जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है।
ये भी पढ़ेंः








