West Bengal BJP Government: पश्चिम बंगाल में भाजपा की नई सरकार बनने के बाद मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने सोमवार को मंत्रियों के बीच विभागों का बंटवारा कर दिया। 9 मई को शपथ ग्रहण के बाद यह सरकार का पहला बड़ा प्रशासनिक फैसला माना जा रहा है। नई सरकार ने अनुभवी नेताओं और क्षेत्रीय संतुलन को ध्यान में रखते हुए अहम मंत्रालयों की जिम्मेदारी सौंपी है।
सरकार की ओर से जारी आदेश के मुताबिक मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने गृह मंत्रालय अपने पास रखा है। इसके अलावा वित्त समेत कई अहम विभाग भी फिलहाल मुख्यमंत्री के अधीन रहेंगे। भाजपा सरकार का कहना है कि नई टीम कानून-व्यवस्था, सीमा सुरक्षा, ग्रामीण विकास और केंद्र की योजनाओं के तेज क्रियान्वयन पर फोकस करेगी।
किस मंत्री को कौन सा विभाग मिला?
- दिलीप घोष को पंचायतीराज एवं ग्रामीण विकास, पशु संसाधन विकास और कृषि विपणन विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। पार्टी संगठन में लंबे अनुभव को देखते हुए उन्हें ग्रामीण क्षेत्रों से जुड़े अहम विभाग सौंपे गए हैं।
- अग्निमित्रा पॉल को महिला एवं बाल विकास, समाज कल्याण और नगर निकाय विभाग दिया गया है। भाजपा ने महिला सुरक्षा और शहरी विकास को प्राथमिकता देने का संकेत दिया है।
- निसिथ प्रमाणिक को उत्तर बंगाल विकास, खेल और युवा कल्याण मंत्रालय सौंपा गया है। उत्तर बंगाल में भाजपा के मजबूत जनाधार को देखते हुए यह विभाग राजनीतिक रूप से बेहद अहम माना जा रहा है।
- अशोक कीर्तनिया को खाद्य एवं आपूर्ति और सहकारिता मंत्रालय दिया गया है। सरकार राशन व्यवस्था और सहकारी संस्थाओं में सुधार की तैयारी में है।
- क्षुदिराम टुडू को जनजातीय विकास, पिछड़ा वर्ग कल्याण, अल्पसंख्यक मामले और मदरसा शिक्षा विभाग की जिम्मेदारी मिली है। भाजपा इसे सामाजिक संतुलन और आदिवासी क्षेत्रों में पकड़ मजबूत करने की रणनीति के तौर पर देख रही है।
ये भी पढ़ेंः
‘मैं IPS अजय पाल शर्मा से बिना शर्त माफी मांगता हूं’, निलंबन के बाद बदले रिजु दत्ता के तेवर
सरकार के इस मंत्रालय बंटवारे को भाजपा की दीर्घकालिक राजनीतिक रणनीति से भी जोड़कर देखा जा रहा है। पार्टी ने उत्तर बंगाल, ग्रामीण इलाकों और महिला वोट बैंक को साधने के लिए नेताओं को उसी हिसाब से जिम्मेदारियां दी हैं।
पहली कैबिनेट बैठक में लिए गए बड़े फैसले
मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने पहली कैबिनेट बैठक में कई अहम फैसलों के संकेत दिए हैं। सरकार ने BSF को सीमा पर फेंसिंग के लिए जमीन हस्तांतरण की प्रक्रिया शुरू करने, आयुष्मान भारत योजना लागू करने और प्रशासनिक ढांचे में बदलाव की बात कही है।
इसके अलावा राज्य सरकार ने महिलाओं के लिए ‘अन्नपूर्णा भंडार’ योजना लाने का भी ऐलान किया है, जिसके तहत पात्र महिलाओं को आर्थिक सहायता दी जाएगी।
मनोज कुमार अग्रवाल बने नए चीफ सेक्रेटरी
इसी बीच पश्चिम बंगाल सरकार ने वरिष्ठ IAS अधिकारी मनोज कुमार अग्रवाल को राज्य का नया चीफ सेक्रेटरी नियुक्त किया है। वे फिलहाल चीफ इलेक्टोरल ऑफिसर और होम एंड हिल अफेयर्स विभाग में अतिरिक्त मुख्य सचिव के तौर पर कार्यरत थे। सरकार ने उन्हें तत्काल प्रभाव से नया कार्यभार संभालने के निर्देश दिए हैं।
ये भी पढ़ेंः






