India England 2nd ODI: इंग्लैंड ने कार्डिफ के सोफिया गार्डन्स में खेले गए दूसरे वनडे में भारत को 4 विकेट से हराकर तीन मैचों की सीरीज 1-1 से बराबर कर दी। 234 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड ने 44.1 ओवर में 6 विकेट खोकर जीत हासिल की। टीम की जीत के सबसे बड़े हीरो अनुभवी बल्लेबाज जो रूट रहे, जिन्होंने 99 रन की नाबाद पारी खेली और उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। अब सीरीज का निर्णायक मुकाबला 19 जुलाई को लॉर्ड्स में खेला जाएगा।
भारत की अच्छी शुरुआत, लेकिन आखिरी 7 विकेट 55 रन में गिरे
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने आक्रामक शुरुआत की। कप्तान शुभमन गिल (31) और रोहित शर्मा (26) ने पहले विकेट के लिए 44 रन जोड़े। इसके बाद रोहित और विराट कोहली ने दूसरे विकेट के लिए 60 रन की साझेदारी कर पारी को मजबूती दी।
रोहित के आउट होने के बाद ईशान किशन जल्दी पवेलियन लौट गए, लेकिन विराट कोहली और श्रेयस अय्यर ने चौथे विकेट के लिए 67 रन जोड़कर भारत को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। विराट ने 66 गेंदों पर 65 रन, जबकि श्रेयस ने 71 गेंदों पर 66 रन बनाए।
हालांकि विराट के आउट होते ही भारतीय बल्लेबाजी पूरी तरह बिखर गई। टीम ने केवल 55 रन जोड़कर आखिरी 7 विकेट गंवा दिए और 44 ओवर में 233 रन पर ऑलआउट हो गई। अंत में जसप्रीत बुमराह ने 13 गेंदों में नाबाद 20 रन बनाकर स्कोर 233 तक पहुंचाया।
इंग्लैंड की ओर से जोफ्रा आर्चर और गस एटकिंसन ने 3-3 विकेट लिए। साकिब महमूद को 2, जबकि सैम करन और विल जैक्स को 1-1 सफलता मिली।
England win the second ODI by 4 wickets.#TeamIndia‘s focus now shifts to the series decider on Sunday.
Scorecard ▶️ https://t.co/2Z0BQOPWjC #ENGvIND pic.twitter.com/CfyMZuZ71Y
— BCCI (@BCCI) July 16, 2026
ये भी पढ़ेंः
हरियाणा के जींद-सोनीपत रूट पर दौड़ेगी देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन, पीएम मोदी आज दिखाएंगे हरी झंडी
बुमराह ने पहली गेंद पर दिलाई सफलता
234 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की शुरुआत बेहद खराब रही। जसप्रीत बुमराह ने मैच की पहली ही गेंद पर बेन डकेट को विकेटकीपर ईशान किशन के हाथों कैच कराया। इसके बाद प्रसिद्ध कृष्णा ने जैकब बेथेल को आउट कर इंग्लैंड का स्कोर 8/2 कर दिया। गुरनूर बरार ने कप्तान हैरी ब्रूक को भी जल्दी पवेलियन भेज दिया।
जो रूट ने खेली मैच जिताऊ पारी
शुरुआती झटकों के बाद जो रूट ने पारी को संभाला। उन्होंने पहले सैम करन (26) के साथ 41 रन और फिर जोस बटलर (17) के साथ 31 रन की साझेदारी की। इसके बाद विल जैक्स (30) के साथ छठे विकेट के लिए 72 रन जोड़कर इंग्लैंड को जीत के करीब पहुंचा दिया।
40वें ओवर में जैक्स के आउट होने के बाद गस एटकिंसन ने तेज़ 23* रन बनाए और रूट के साथ सातवें विकेट के लिए 38 रन की नाबाद साझेदारी की। जीत के लिए 1 रन की जरूरत थी, लेकिन एटकिंसन ने प्रसिद्ध कृष्णा की गेंद पर चौका लगाकर मुकाबला समाप्त कर दिया। इस कारण जो रूट 99 रन पर नाबाद रह गए और वनडे क्रिकेट में 99 पर नाबाद लौटने वाले 17वें बल्लेबाज* बने।

दोनों टीमों की प्लेइंग-11
भारत: रोहित शर्मा, शुभमन गिल (कप्तान), विराट कोहली, ईशान किशन (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर, वॉशिंगटन सुंदर, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, जसप्रीत बुमराह, गुरनूर बरार, प्रसिद्ध कृष्णा।
इंग्लैंड: बेन डकेट, जैकब बेथेल, जो रूट, हैरी ब्रूक (कप्तान), जोस बटलर (विकेटकीपर), सैम करन, विल जैक्स, गस एटकिंसन, जोफ्रा आर्चर, साकिब महमूद, आदिल राशिद।
ये भी पढ़ेंः
अक्षर पटेल का ऑलराउंड शो, भारत ने इंग्लैंड को 6 विकेट से हराया; गिल और वॉशिंगटन की फिफ्टी








