Womens Champions Trophy: भारत पहली बार ICC महिला चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी करेगा। ICC ने बुधवार को इसकी आधिकारिक घोषणा की। छह टीमों वाला यह टी-20 टूर्नामेंट 14 से 28 फरवरी 2027 तक मुंबई और वडोदरा में खेला जाएगा।
श्रीलंका को पहले टूर्नामेंट की मेजबानी मिली थी, लेकिन ICC ने 30 अगस्त को उससे मेजबानी वापस ले ली थी। इसके बाद बांग्लादेश, भारत और दक्षिण अफ्रीका ने टूर्नामेंट की मेजबानी के लिए दावेदारी पेश की। ICC ने तय मानकों के आधार पर भारत के प्रस्ताव को मंजूरी दी।
A landmark moment for women’s cricket awaits.
The dates and venues for the inaugural Women’s Champions Trophy in 2027 are now confirmed, as India prepares to welcome the world’s best teams from 14-28 February.
Read more ➡️ https://t.co/QrY2iyDwyU pic.twitter.com/m7cWLxY8I8
— ICC (@ICC) September 2, 2026
टूर्नामेंट में ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, भारत, न्यूजीलैंड, दक्षिण अफ्रीका और श्रीलंका की टीमें हिस्सा लेंगी। सभी टीमों ने 6 जुलाई की कटऑफ तारीख पर ICC महिला टी-20 इंटरनेशनल रैंकिंग के आधार पर क्वालिफाई किया है।
राउंड-रॉबिन फॉर्मेट, 28 फरवरी को फाइनल
छहों टीमें राउंड-रॉबिन लीग में एक-दूसरे के खिलाफ मुकाबले खेलेंगी। लीग चरण के बाद अंक तालिका में शीर्ष पर रहने वाली दो टीमें 28 फरवरी को फाइनल में आमने-सामने होंगी।
महिला चैंपियंस ट्रॉफी का यह पहला संस्करण होगा। पुरुषों की चैंपियंस ट्रॉफी आमतौर पर 50 ओवर के फॉर्मेट में खेली जाती है, जबकि महिला चैंपियंस ट्रॉफी का पहला संस्करण टी-20 फॉर्मेट में आयोजित किया जाएगा।
जय शाह बोले- महिला क्रिकेट के लिए नया अध्याय
ICC चेयरमैन जय शाह ने कहा कि महिला चैंपियंस ट्रॉफी 2027 महिला क्रिकेट के लिए एक नया और उत्साहजनक अध्याय शुरू करेगी। उन्होंने कहा कि दुनिया की सर्वश्रेष्ठ टीमों के बीच होने वाला यह टूर्नामेंट खिलाड़ियों को वैश्विक मंच पर अपनी जगह मजबूत करने और रैंकिंग में ऊपर जाने के लिए अतिरिक्त प्रोत्साहन देगा।
उन्होंने यह भी कहा कि हर साल ICC का एक प्रमुख महिला टूर्नामेंट आयोजित होने से महिला क्रिकेट और उसकी खिलाड़ियों को लगातार गति और मजबूत मंच मिलेगा।






