AAP Donation Report: आम आदमी पार्टी (AAP) की वित्त वर्ष 2025-26 की डोनेशन रिपोर्ट सामने आई है। चुनाव आयोग के पास दाखिल रिपोर्ट के मुताबिक, इस वित्त वर्ष में पार्टी ने कुल 12.10 करोड़ रुपए का योगदान घोषित किया है। यह पिछले वित्त वर्ष के 38.10 करोड़ रुपये के मुकाबले करीब 68 फीसदी कम है।
रिपोर्ट में AAP के पूर्व प्रवक्ता और अब कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के सह-संयोजक आशुतोष रांका का नाम भी शामिल है। रांका ने वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान AAP को 21,100 रुपये का योगदान दिया था। यह योगदान उनके CJP में शामिल होने से पहले का है। उनका नाम पार्टी की योगदान सूची में दर्ज 1,202 एंट्री में शामिल है।

केजरीवाल ने 10-10 हजार की तीन किस्तों में दिए 30 हजार
AAP प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने वित्त वर्ष के दौरान पार्टी को 10-10 हजार रुपए की तीन किस्तों में कुल 30,000 रुपए का योगदान दिया।

वहीं, दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी ने 3,500 रुपए की 12 किस्तों में कुल 42,000 रुपए का योगदान दिया। पंजाब AAP अध्यक्ष अमन अरोड़ा ने भी 10-10 हजार रुपये की 12 किस्तों में कुल 1.20 लाख रुपए का योगदान दिया।
ये भी पढ़ेंः ‘पूरी बस्ती के वोटर गायब कैसे?’ राहुल गांधी ने SDM से पूछा- 727 नाम क्यों कटे
दो बड़े दाताओं से मिले 10 करोड़ रुपए
AAP की डोनेशन रिपोर्ट के मुताबिक, प्रूडेंट इलेक्टोरल ट्रस्ट और ट्राइडेंट लिमिटेड ने पार्टी को 5-5 करोड़ रुपये का योगदान दिया। दोनों से मिले 10 करोड़ रुपए, पार्टी को मिले कुल 12.10 करोड़ रुपए का करीब 83 फीसदी है।
रिपोर्ट के मुताबिक, ट्राइडेंट लिमिटेड की स्थापना AAP के पूर्व राज्यसभा सांसद राजिंदर गुप्ता ने की थी। कंपनी की ओर से 9 जनवरी 2026 को पार्टी को 5 करोड़ रुपए का चेक दिया गया था।
यह डोनेशन आंकड़ा उस वित्त वर्ष का है, जो फरवरी 2025 में दिल्ली की सत्ता गंवाने के बाद AAP का पहला पूरा वित्त वर्ष था।





