नई दिल्ली: ऑपरेशन सिंदूर के बाद पहली बार पाकिस्तान सरकार का कोई मंत्री भारत दौरे पर आने जा रहा है। पाकिस्तान के जलवायु मंत्री मुसादिक मसूद मलिक 20 से 22 नवंबर तक नई दिल्ली में आयोजित होने वाले शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के कार्यक्रम में पाकिस्तान का प्रतिनिधित्व करेंगे। उनका यह दौरा भारत और पाकिस्तान के बीच जारी तनाव के बीच हो रहा है।
पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने मुसादिक मलिक के भारत दौरे की पुष्टि की है। वह SCO सिविलाइजेशनल डायलॉग फोरम (सभ्यता संवाद कार्यक्रम) में हिस्सा लेने के लिए भारत आएंगे। भारत ने पाकिस्तान को SCO का सदस्य देश होने के नाते इस कार्यक्रम में शामिल होने का निमंत्रण दिया है।
भारत की पहल पर पहली बार आयोजित हो रहा सभ्यता संवाद कार्यक्रम
नई दिल्ली में 20 से 22 नवंबर तक SCO सिविलाइजेशनल डायलॉग फोरम का पहला सत्र आयोजित किया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य यूरेशिया क्षेत्र के देशों के बीच सांस्कृतिक आदान-प्रदान, सभ्यताओं के बीच संवाद और लोगों के आपसी संपर्क को बढ़ावा देना है।
भारत ने इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए SCO के सभी 10 सदस्य देशों को आमंत्रित किया है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने भी कहा था कि भारत इस आयोजन में सभी सदस्य देशों की मेजबानी करने के लिए तैयार है।
इस कार्यक्रम में अलग-अलग देशों की सभ्यताओं, संस्कृतियों और परंपराओं के बीच आपसी समझ बढ़ाने पर चर्चा होगी। इस पहल की घोषणा रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने 20 अक्टूबर को ताजिकिस्तान की राजधानी दुशांबे में SCO की बैठक के दौरान की थी।
ये भी पढ़ेंः यूपी में SIR पर सियासी संग्राम, योगी का दावा- 1.27 करोड़ हिंदू वोटर्स के नाम कटे; अखिलेश ने पूछा- आंकड़े कहां से आए?
बिलावल भुट्टो के बाद पहली बार भारत आएंगे पाकिस्तानी मंत्री
पाकिस्तान के किसी मंत्री का यह तीन साल से अधिक समय बाद भारत दौरा होगा। इससे पहले मई 2023 में पाकिस्तान के तत्कालीन विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो जरदारी SCO की विदेश मंत्रियों की बैठक में शामिल होने के लिए गोवा आए थे।
इसके बाद दोनों देशों के रिश्तों में कई उतार-चढ़ाव आए। मई 2025 में ऑपरेशन सिंदूर के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच सैन्य तनाव भी बढ़ गया था। ऐसे में मुसादिक मलिक का भारत दौरा महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है।
पाकिस्तान के पास है SCO की अध्यक्षता
पाकिस्तान ने 1 सितंबर 2026 से 2026-27 के लिए SCO के सदस्य देशों की सरकारों के प्रमुखों की परिषद की घूर्णन अध्यक्षता संभाली है।
शंघाई सहयोग संगठन में भारत, पाकिस्तान, चीन, रूस, ईरान, बेलारूस, कजाकिस्तान, किर्गिस्तान, ताजिकिस्तान और उज्बेकिस्तान शामिल हैं।
हालांकि, मुसादिक मलिक का भारत दौरा किसी द्विपक्षीय बातचीत के लिए नहीं है। वह SCO के सदस्य देश के प्रतिनिधि के तौर पर इस कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस दौरान उनका मुख्य उद्देश्य संगठन के मंच पर पाकिस्तान का प्रतिनिधित्व करना होगा।
ये भी पढ़ेंः अमेरिका का एयर ट्रैफिक सिस्टम ठप, देशभर में विमानों की उड़ान पर रोक; 7 हजार फ्लाइट्स प्रभावित, यात्री परेशान






