बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन को निशाना बनाने की साजिश का खुलासा हुआ है। मुंबई स्थित उनके बंगले ‘जलसा’ के बाहर फायरिंग करने की प्लानिंग की गई थी। इस साजिश के सिलसिले में दिल्ली पुलिस ने दो शार्पशूटरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, दोनों विदेश में बैठे एक गैंगस्टर के लिए काम करते थे। जांच में सामने आया है कि गैंगस्टर 1984 के सिख विरोधी दंगों से जुड़े अमिताभ बच्चन के कथित बयान को लेकर उनसे नाराज था। हालांकि, अमिताभ बच्चन पहले ही ऐसे किसी बयान से इनकार कर चुके हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जालंधर के न्यू गांधी नगर निवासी विकास ठाकुर और तरनतारन के रहने वाले दीपक सिंह के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, दोनों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई थीं। विकास को दिल्ली के एक कारोबारी से रंगदारी वसूलने के लिए फायरिंग करनी थी, जबकि दीपक को मुंबई में रुककर अमिताभ बच्चन के घर के बाहर गोलीबारी करनी थी।
विदेश में बैठे गैंगस्टर के इशारे पर रची गई साजिश
पुलिस की जांच में सामने आया कि इस पूरी योजना के पीछे विदेश में बैठा एक गैंगस्टर था। वह 1984 के सिख विरोधी दंगों के दौरान अमिताभ बच्चन पर भीड़ को उकसाने के आरोपों को लेकर उन्हें निशाना बनाना चाहता था। हालांकि, यह आरोप लंबे समय से विवादों में रहा है और अमिताभ बच्चन इससे इनकार करते रहे हैं।
पुलिस के मुताबिक, दीपक सिंह को मुंबई में अधिक समय तक रुकने के निर्देश दिए गए थे, ताकि वह अमिताभ बच्चन के बंगले के बाहर फायरिंग की वारदात को अंजाम दे सके।
कौन हैं गिरफ्तार किए गए दोनों शार्पशूटर?
1. विकास ठाकुर: जालंधर के न्यू गांधी नगर का रहने वाला विकास ठाकुर मुंबई से दिल्ली भेजा गया था। उसे दिल्ली के एक कारोबारी पर रंगदारी के लिए फायरिंग करनी थी। दिल्ली पुलिस ने वारदात से पहले ही उसे गिरफ्तार कर लिया।
2. दीपक सिंह: तरनतारन का रहने वाला दीपक सिंह अमृतसर में 3 अक्टूबर को इंस्टाग्राम इन्फ्लुएंसर मैड संधू की हत्या के मामले में भी वांटेड था। इस मामले में उसका साथी पलविंदर सिंह उर्फ काका पहले ही पंजाब पुलिस की गिरफ्त में आ चुका है। अमिताभ बच्चन के घर के बाहर फायरिंग की जिम्मेदारी भी दीपक को सौंपी गई थी। पुलिस ने उसे मुंबई से गिरफ्तार किया।
1984 के दंगों से जुड़ा है अमिताभ बच्चन पर आरोपों का मामला
31 अक्टूबर 1984 को तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की हत्या के बाद देश के कई हिस्सों में सिख विरोधी हिंसा भड़क उठी थी। इसी दौरान कुछ सिख संगठनों और 1984 के दंगों की गवाह जगदीश कौर ने अमिताभ बच्चन पर गंभीर आरोप लगाए थे।
आरोप लगाया गया था कि 31 अक्टूबर को दिल्ली के एम्स अस्पताल के बाहर अमिताभ बच्चन ने भीड़ को उकसाया था। शिकायतकर्ताओं का दावा था कि उन्होंने दूरदर्शन के लाइव प्रसारण के दौरान हाथ उठाकर ‘खून का बदला खून’ और ‘खून के छींटे सिखों के घरों तक पहुंचने चाहिए’ जैसे नारे लगाए थे। हालांकि, इस कथित प्रसारण का कोई आधिकारिक वीडियो अब तक सार्वजनिक नहीं हुआ है।
अमिताभ बच्चन इन आरोपों को खारिज कर चुके हैं। भारत की किसी भी जांच एजेंसी ने 1984 के दंगों के मामले में उन्हें आरोपी नहीं बनाया।
2014 में अमेरिकी अदालत तक पहुंचा था मामला
अक्टूबर 2014 में सिख्स फॉर जस्टिस (SFJ) ने लॉस एंजिल्स की एक संघीय अदालत में अमिताभ बच्चन के खिलाफ दीवानी मुकदमा दायर किया था। संगठन ने उन पर 1984 के सिख विरोधी दंगों के दौरान कथित भूमिका को लेकर आरोप लगाए थे। बच्चन ने कानूनी तौर पर इन आरोपों का खंडन किया था।
अमिताभ बच्चन के बंगले को बम से उड़ाने की भी मिली थी धमकी
अमिताभ बच्चन के बंगले ‘जलसा’ को लेकर पहले भी धमकियां मिल चुकी हैं। 6 नवंबर को उनके बंगले को बम से उड़ाने की धमकी वाला ईमेल मिला था। इससे पहले 23 अक्टूबर को मुंबई की मेयर रितु तावड़े को भी धमकी भरा ईमेल भेजा गया था, जिसमें बच्चन के बंगले को निशाना बनाने की बात कही गई थी।
23 अक्टूबर को मिले ईमेल में गायक और अभिनेता दिलजीत दोसांझ का भी जिक्र था। उसमें दावा किया गया था कि दिलजीत ने अमिताभ बच्चन के पैर छुए थे, इसलिए उन्हें भी निशाना बनाया जाएगा। ईमेल में 27 नवंबर को महालक्ष्मी रेस कोर्स में आत्मघाती हमले की धमकी भी दी गई थी।
ईमेल मिलने के बाद मुंबई पुलिस, डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्ते ने बीएमसी मुख्यालय में तलाशी अभियान चलाया था।
टाइगर श्रॉफ की कार पर भी हुई थी फायरिंग
मुंबई में 18 अक्टूबर को अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर भी फायरिंग की घटना सामने आई थी। वह जुहू इलाके से फुटबॉल खेलने के बाद लौट रहे थे, तभी उनकी कार पर गोलियां चलाई गईं। इस घटना में टाइगर श्रॉफ को चोट नहीं आई थी, जबकि उनका ड्राइवर और एक अन्य व्यक्ति घायल हो गए थे। इस मामले में अब तक 12 आरोपियों की गिरफ्तारी की जानकारी दी गई है।
ये भी पढ़ेंः गाजियाबाद में भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा का शक्ति प्रदर्शन, हाजी जमालुद्दीन अल्वी ने संभाली पश्चिम क्षेत्र की कमान






