Operation Sindoor: देशभक्ति और सैन्य कार्रवाई पर आधारित फिल्मों की कड़ी में एक और बड़ा नाम जुड़ने जा रहा है। निर्देशक विवेक अग्निहोत्री (Vivek Agnihotri) ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर फिल्म बनाने का ऐलान किया है, जिसे भूषण कुमार की T-Series और अग्निहोत्री की प्रोडक्शन कंपनी आई एम बुद्धा प्रोडक्शंस मिलकर प्रोड्यूस करेंगी।
यह फिल्म लेफ्टिनेंट जनरल के.जे.एस. ढिल्लों (रिटायर्ड) की चर्चित किताब “Operation Sindoor: The Untold Story of India’s Deep Strikes Inside Pakistan” पर आधारित होगी।
क्या है ‘ऑपरेशन सिंदूर’?
‘ऑपरेशन सिंदूर’ भारतीय सेना की वह जवाबी कार्रवाई थी, जो 6-7 मई 2025 की रात पाकिस्तान और पीओके में आतंकी ठिकानों पर की गई थी। यह ऑपरेशन 22 अप्रैल 2025 को पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद लॉन्च किया गया था, जिसमें 26 लोगों की जान गई थी।
बता दें कि इस मिशन का उद्देश्य हमले के जिम्मेदार आतंकी नेटवर्क को खत्म करना था।
https://x.com/vivekagnihotri/status/2037021850023452954?
फिल्म में क्या दिखेगा?
मेकर्स के मुताबिक, फिल्म में भारत की सैन्य ताकत, रणनीति और साहस को वास्तविक तरीके से दिखाया जाएगा। भूषण कुमार ने कहा कि यह सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि देश की एक अहम घटना को दर्ज करने की जिम्मेदारी है।
वहीं, विवेक अग्निहोत्री ने बताया कि फिल्म के लिए भारतीय सेना के विभिन्न विभागों के साथ गहन रिसर्च किया गया है, ताकि कहानी को सटीक और प्रामाणिक तरीके से पेश किया जा सके।
कब आएगी फिल्म?
फिलहाल फिल्म की रिलीज डेट और स्टारकास्ट का ऐलान नहीं हुआ है। मेकर्स ने संकेत दिया है कि जल्द ही इससे जुड़ी और जानकारी सामने आएगी।








