Tamil Nadu Factory Explosion: तमिलनाडु के विरुधुनगर जिले में रविवार (19 अप्रैल) को एक पटाखा फैक्ट्री में भीषण धमाका हो गया, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। इस दर्दनाक हादसे में अब तक 23 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 6 लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। आशंका जताई जा रही है कि अभी भी कई मजदूर मलबे के नीचे फंसे हो सकते हैं।
तेज धमाके से दहला इलाका
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक धमाका इतना जोरदार था कि उसकी आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी। फैक्ट्री का एक बड़ा हिस्सा पूरी तरह से ढह गया। विस्फोट के झटके इतने तेज थे कि आसपास की इमारतों में भी दरारें पड़ गईं और लोग दहशत में अपने घरों से बाहर निकल आए।
मलबे में दबे लोगों की तलाश जारी
हादसे की सूचना मिलते ही दमकल विभाग, पुलिस और आपदा राहत टीम मौके पर पहुंच गईं। रेस्क्यू ऑपरेशन के तहत मलबा हटाने का काम लगातार जारी है। भारी मशीनों की मदद से मलबे में दबे लोगों को निकालने की कोशिश की जा रही है।
#WATCH | Tamil Nadu: A massive explosion occurred at a firecracker factory in Kattanarpatti near Virudhunagar. 16 people died and 6 were injured; visuals from the spot
(Video source: Fire and Rescue Department) https://t.co/Ue6GyKMYBy pic.twitter.com/tGPYxZf1Yw
— ANI (@ANI) April 19, 2026
घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। प्रशासन की ओर से मृतकों की पहचान की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
पीएम मोदी और सीएम स्टालिन ने जताया दुख
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) ने X पर लिखा, “जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।”
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन M. K. Stalin ने भी X पर दुख जताते हुए कहा, “मैं मृतकों के परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। मंत्रियों को तुरंत घटनास्थल पर जाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही जिला कलेक्टर से बात कर सभी जरूरी सहायता पहुंचाने को कहा है।”
कारणों की जांच शुरू
फिलहाल विस्फोट के सही कारणों का पता नहीं चल सका है। शुरुआती तौर पर यह माना जा रहा है कि फैक्ट्री में सुरक्षा मानकों की अनदेखी या केमिकल विस्फोट इसकी वजह हो सकता है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही होगी।
प्रशासन अलर्ट, इलाके में तनाव
हादसे के बाद जिला प्रशासन ने पूरे इलाके को घेर लिया है और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। स्थानीय लोगों में घटना को लेकर गहरा आक्रोश और डर का माहौल है।
फिलहाल राहत और बचाव कार्य तेजी से जारी है और प्रशासन का कहना है कि सभी संभावित फंसे लोगों को निकालने तक ऑपरेशन जारी रहेगा।








