Etawah Cyber Crime: उत्तर प्रदेश के इटावा जिले में Instagram और Telegram के जरिए साइबर ठगी का बड़ा खुलासा हुआ है। ‘बिग डैडी ऐप’ के नाम पर लोगों को झांसा देकर करीब एक करोड़ रुपये की ठगी की गई है।
इटावा में साइबर क्राइम का एक बड़ा मामला सामने आया है, जहां ‘बिग डैडी ऐप’ के जरिए लोगों को निवेश का लालच देकर ठगा जा रहा था। आरोपी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम और टेलीग्राम के माध्यम से लोगों को जोड़ता था और ज्यादा मुनाफे का झांसा देकर पैसे निवेश करवाता था।
पीड़ितों को यह विश्वास दिलाया जाता था कि इस ऐप से लाखों रुपए कमाए जा सकते हैं। मामले की जांच एएसपी ग्रामीण श्रीशचंद्र द्वारा की गई, जिसमें शिवा कुशवाहा मुख्य आरोपी के रूप में सामने आया। पुलिस ने पहले ही 13 मार्च 2026 को आरोपी समेत 9 लोगों के खिलाफ ऑनलाइन गेमिंग एक्ट 2025 के तहत मुकदमा दर्ज किया था।
एसएसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव के निर्देश में साइबर क्राइम टीम ने 23 अप्रैल को कार्रवाई करते हुए आरोपी को पुलिस मॉडर्न स्कूल के सामने से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि वह पिछले चार वर्षों से इस ठगी के धंधे में शामिल था और करीब एक करोड़ रुपए कमा चुका है।
आरोपी के पास से एक iPhone 14 बरामद हुआ है, जिसका इस्तेमाल वह साइबर ठगी के लिए करता था। पुलिस अब इस गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। फिलहाल पुलिस इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है और उम्मीद है कि जल्द ही इस साइबर गिरोह के अन्य सदस्य भी गिरफ्त में होंगे।






