Delhi Airport: राजधानी के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर शनिवार देर रात एक बड़ा विमान हादसा टल गया, जब स्विस एयरलाइंस की फ्लाइट LX147 टेकऑफ से ठीक पहले तकनीकी खराबी का शिकार हो गई। यह फ्लाइट स्विट्जरलैंड के ज्यूरिख के लिए रवाना होने वाली थी और रात करीब 1:08 बजे रनवे पर टेकऑफ के लिए तैयार थी।
जैसे ही विमान रनवे पर आगे बढ़ा, उसके बाईं ओर लैंडिंग गियर के पास से अचानक धुआं उठता दिखाई दिया। कुछ ही पलों में इंजन में खराबी के संकेत मिलने लगे। स्थिति को भांपते हुए पायलट ने तुरंत टेकऑफ रोक दिया और इमरजेंसी प्रोटोकॉल लागू कर दिया। अगर यह निर्णय कुछ सेकंड भी देर से लिया जाता, तो बड़ा हादसा हो सकता था।
Takeoff of Swiss Air flight LX147 New Delhi Indira Gandhi International to Zurich was aborted around 2 AM after smoke was detected from the left wheel. An emergency was declared. Of the 232 passengers onboard, 4 sustained minor injuries during evacuation. pic.twitter.com/rxraGsHtal
— Akashdeep Thind (@thind_akashdeep) April 26, 2026
विमान में कुल 232 यात्री सवार थे, जिनमें 4 नवजात भी शामिल थे। क्रू मेंबर्स की तत्परता और एयरपोर्ट स्टाफ की मदद से इमरजेंसी स्लाइड का इस्तेमाल कर सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। हालांकि इस दौरान अफरा-तफरी में 6 यात्री हल्के रूप से घायल हो गए, जिन्हें तुरंत प्राथमिक इलाज दिया गया।
स्विस इंटरनेशनल एयरलाइंस (SWISS) ने बयान जारी कर बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही उनकी स्थानीय टीम मौके पर पहुंच गई और यात्रियों की देखभाल की जा रही है। एयरलाइन ने यह भी कहा कि इस तकनीकी खराबी के कारणों की जांच के लिए विशेषज्ञों की टीम जल्द ही दिल्ली भेजी जाएगी।
फिलहाल इस घटना के बाद एयरक्राफ्ट सेफ्टी और प्री-फ्लाइट टेक्निकल चेक को लेकर सवाल उठने लगे हैं। शुरुआती जांच में लैंडिंग गियर से धुआं उठना मुख्य कारण माना जा रहा है, लेकिन अंतिम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी।






