Ghaziabad Double Murder: दिल्ली से सटे गाजियाबाद के लोनी इलाके में एक सनसनीखेज डबल मर्डर ने पूरे क्षेत्र को दहला दिया है। ट्रोनिका सिटी थाना क्षेत्र के रामपार्क स्थित बुद्ध बाजार मोहल्ले में एक शख्स ने अपनी पत्नी और अपने ही जिगरी दोस्त की गोली मारकर हत्या कर दी। शुरुआती जांच में मामला अवैध संबंधों और शक से जुड़ा बताया जा रहा है।
साथ खाया खाना, फिर बना मौत का प्लान
जानकारी के मुताबिक आरोपी राशिद को अपनी पत्नी शबनम (36) और पड़ोसी दोस्त फहीम (32) के बीच नजदीकियों पर शक था। सोमवार रात फहीम राशिद के घर आया हुआ था। तीनों ने साथ बैठकर खाना खाया, बातचीत की, लेकिन इसी दौरान राशिद के मन में खौफनाक साजिश पल रही थी।
खाने के बाद अचानक किसी बात पर विवाद शुरू हुआ और गुस्से में राशिद ने तमंचा निकालकर पत्नी और दोस्त पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
सात बच्चों पर टूटा दुखों का पहाड़
इस वारदात ने एक पूरे परिवार को तबाह कर दिया। मृतका शबनम सात बच्चों की मां थी। इस घटना के बाद जहां बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया, वहीं पिता अब कानून के शिकंजे में फंसने वाला है।
मौके पर पहुंची पुलिस, आरोपी फरार
घटना की सूचना रात करीब 12:40 बजे पुलिस को मिली। मौके पर पहुंची टीम ने कमरे के अंदर दोनों शव खून से लथपथ हालत में बरामद किए। आरोपी वारदात के बाद फरार हो चुका था।
तीन टीमें कर रहीं तलाश
डीसीपी ग्रामीण सुरेंद्र नाथ तिवारी के मुताबिक, शुरुआती जांच में मामला अवैध संबंधों से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। आरोपी राशिद की गिरफ्तारी के लिए तीन पुलिस टीमें गठित की गई हैं, जो लगातार दबिश दे रही हैं।
पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। मामले की हर एंगल से जांच जारी है।






