Israel Lebanon Ceasefire: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गुरुवार (23 अप्रैल 2026) को कहा कि इजरायल और लेबनान के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बातचीत के बाद दोनों पक्ष सीजफायर को तीन हफ्ते और बढ़ाने पर सहमत हुए हैं।
व्हाइट हाउस में पत्रकारों से बातचीत के दौरान ट्रंप ने कहा कि लेबनान और इजरायल के बड़े अधिकारियों के साथ हमारी बहुत अच्छी बैठक हुई है और मुझे लगता है कि लेबनान के राष्ट्रपति और इजरायल के प्रधानमंत्री आने वाले हफ्तों में यहां आ सकते हैं।

ट्रंप ने आगे कहा कि मुझे लगता है कि दोनों पक्ष तीन और हफ्तों तक बिना फायरिंग के सीजफायर बनाए रखने पर सहमत हुए हैं। देखते हैं आगे क्या होता है, हमें उम्मीद है कि यह जारी रहेगा। हालांकि इसमें हिज्बुल्लाह की स्थिति को भी ध्यान में रखना होगा।
ईरान पर फिर हमले की तैयारी में इजरायल
इजरायली रक्षा मंत्री इजरायल काट्ज़ ने संकेत दिया है कि इजरायल ईरान के खिलाफ एक बार फिर सैन्य कार्रवाई के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि इजरायल को अमेरिका की हरी झंडी का इंतजार है।
काट्ज ने कहा कि इजरायल ईरान के खिलाफ जंग फिर से शुरू करने के लिए पूरी तरह तैयार है। हमारी डिफेंस और अटैक यूनिट्स तैयार हैं और टारगेट पहले से चिन्हित हैं।
उन्होंने आगे कहा कि हम अमेरिका से ग्रीन सिग्नल का इंतजार कर रहे हैं ताकि खामेनेई शासन को पूरी तरह खत्म किया जा सके और ईरान की प्रमुख ऊर्जा और सैन्य सुविधाओं को निशाना बनाकर उसे कमजोर किया जा सके।
उन्होंने यह भी दावा किया कि इस बार इजरायल के हमले पहले से ज्यादा सख्त और रणनीतिक होंगे, जो ईरानी शासन की नींव को हिला सकते हैं।






