India-Africa Forum Summit 2026: भारत और अफ्रीकी देशों के बीच रणनीतिक रिश्तों को नई मजबूती देने की तैयारी शुरू हो गई है। विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने 23 अप्रैल 2026 को नई दिल्ली में चौथे भारत-अफ्रीका फोरम शिखर सम्मेलन (IAFS) का लोगो, थीम और आधिकारिक वेबसाइट लॉन्च की। भारत, अफ्रीकी संघ आयोग (AUC) के साथ मिलकर 31 मई 2026 को इस महत्वपूर्ण समिट की मेजबानी करेगा, जिसमें पूरे अफ्रीकी महाद्वीप के नेता और क्षेत्रीय संगठन शामिल होंगे।
समिट का फोकस भारत और अफ्रीका के बीच साझेदारी को नई ऊंचाई देना है। इस बार थीम “इंडिया- अफ्रीका नवाचार रणनीतिक साझेदारी, लचीलापन और समावेशी परिवर्तन” रखी गई है, जिसका उद्देश्य डिजिटल टेक्नोलॉजी, फिनटेक, इंफ्रास्ट्रक्चर और सतत विकास जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाना और एक साझा रोडमैप तैयार करना है। समिट से पहले 28 मई को वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक और 29 मई को विदेश मंत्रियों की बैठक आयोजित होगी, जिनमें सहयोग के प्रमुख मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।
भारत-अफ्रीका साझेदारी तेजी से कई अहम क्षेत्रों में विस्तार कर रही है, जिनमें डिजिटल और फिनटेक, क्षमता निर्माण, सतत ऊर्जा, जलवायु परिवर्तन और आपदा प्रबंधन शामिल हैं। भारत की भागीदारी अंतर्राष्ट्रीय सौर गठबंधन, ग्लोबल बायोफ्यूल्स एलायंस और आपदा प्रतिरोधी अवसंरचना के लिए गठबंधन जैसे वैश्विक प्लेटफॉर्म्स के जरिए अफ्रीकी देशों के साथ सहयोग को और मजबूत कर रही है।
लॉन्च के दौरान एस. जयशंकर ने कहा,
“अफ्रीका की आजादी के बिना हमारी आजादी पूरी नहीं थी और अफ्रीका के विकास के बिना हमारा विकास भी अधूरा है। हमारी तरक्की तभी पूरी होगी जब हम अफ्रीका की तरक्की भी देखेंगे।”
उन्होंने यह भी कहा कि भारत की डेवलपमेंट पार्टनरशिप और कैपेसिटी-बिल्डिंग पहलें अफ्रीकी देशों की प्राथमिकताओं और स्थानीय भागीदारी पर आधारित हैं, जो उनकी अर्थव्यवस्थाओं को नई दिशा दे रही हैं।
भारत ने वैश्विक मंच पर भी अफ्रीका की आवाज को मजबूत किया है। G20 की 2023 अध्यक्षता के दौरान अफ्रीकन यूनियन को स्थायी सदस्य के रूप में शामिल किया गया, जो इस दिशा में भारत की बड़ी पहल मानी जाती है।
भारत-अफ्रीका फोरम शिखर सम्मेलन एक अहम मंच है, जो आपसी सम्मान, बराबरी और साझा समृद्धि के सिद्धांतों पर आधारित सहयोग को बढ़ावा देता है। पिछले समिट्स में भारत की विकास सहायता और क्षमता निर्माण कार्यक्रमों में बड़ा विस्तार देखने को मिला है।







