लखनऊः उत्तर प्रदेश भू सम्पदा विनियामक प्राधिकरण (यूपी रेरा) ने राज्य में रियल एस्टेट सेक्टर को नई रफ्तार देते हुए ₹6,841.85 करोड़ की लागत वाली 24 नई परियोजनाओं को मंजूरी दे दी है। इन परियोजनाओं के जरिए 13 जिलों में करीब 7,830 आवासीय और व्यावसायिक यूनिट्स विकसित की जाएंगी।
यह फैसला यूपी रेरा की 198वीं प्राधिकरण बैठक में लिया गया, जिसकी अध्यक्षता चेयरमैन संजय भूसरेड्डी ने की। बैठक में विभिन्न जिलों से आए प्रस्तावों की गहन समीक्षा के बाद उन्हीं परियोजनाओं को हरी झंडी दी गई, जो सभी नियामकीय मानकों पर खरी उतरीं।
मंजूर परियोजनाओं में आवासीय, व्यावसायिक और मिक्स्ड-यूज़ प्रोजेक्ट्स शामिल हैं। इनके तहत प्लॉट, विला और दुकानों का विकास किया जाएगा। इससे न केवल शहरी ढांचे को मजबूती मिलेगी, बल्कि रोजगार और निवेश के नए अवसर भी पैदा होंगे।
यूपी रेरा के इस कदम को राज्य में पारदर्शी और व्यवस्थित रियल एस्टेट विकास की दिशा में अहम माना जा रहा है। साथ ही, यह निर्णय गृह खरीदारों के हितों की सुरक्षा और भरोसे को भी मजबूत करेगा।






