US-Iran Tension: पश्चिम एशिया में तनाव अपने चरम पर पहुंच गया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) ने एक बार फिर ईरान को लेकर कड़ा रुख अपनाते हुए बड़ा बयान दिया है। ट्रंप ने कहा कि अगर तय समयसीमा से पहले समझौता नहीं हुआ, तो “आज रात एक पूरी सभ्यता खत्म हो सकती है।” उनके इस बयान ने वैश्विक स्तर पर हलचल तेज कर दी है।
डेडलाइन से पहले बढ़ा दबाव
ट्रंप ने ईरान को समझौते के लिए मंगलवार रात 8 बजे (भारतीय समयानुसार बुधवार सुबह 5:30 बजे) तक की डेडलाइन दी है। उन्होंने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Truth Social पर लिखा कि यह इतिहास का अहम पल हो सकता है और 47 साल से जारी हिंसा, दबाव और भ्रष्टाचार का अंत हो सकता है।
हालांकि, इस डेडलाइन से पहले ही अमेरिका और इजराइल ने हमले तेज कर दिए हैं, जिससे तनाव और बढ़ गया है।
खार्ग आइलैंड पर बड़े हमले
रिपोर्ट्स के मुताबिक, अमेरिका ने ईरान के सबसे बड़े तेल निर्यात केंद्र खार्ग आइलैंड (Kharg Island) पर 50 से ज्यादा सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया है। इसके अलावा ईरान के रेल इंफ्रास्ट्रक्चर और अन्य रणनीतिक ठिकानों पर भी हमले किए गए हैं।
खार्ग आइलैंड पर हमला इसलिए अहम माना जा रहा है क्योंकि यह ईरान की तेल आपूर्ति की रीढ़ है।
ईरान की सैन्य क्षमता पर असर
अमेरिका का दावा है कि इन हमलों से ईरान की एयर डिफेंस, मिसाइल क्षमता और फारस की खाड़ी में उसकी नौसैनिक ताकत काफी हद तक कमजोर हो गई है।
खासतौर पर हॉर्मुज स्ट्रेट (Hormuz Strait) पर दबाव बनाने की रणनीति को बड़ी सफलता माना जा रहा है।
जेडी वेंस का बयान: युद्ध खत्म होने के करीब
अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस (JD Vance) ने कहा है कि ईरान के खिलाफ सैन्य उद्देश्य लगभग पूरे हो चुके हैं और युद्ध का अंत अब करीब है। उनके मुताबिक, आगे क्या होगा यह ईरान की जनता पर निर्भर करेगा।
ईरान का सख्त जवाब: “इंशाल्लाह, हम जवाब देंगे”
ट्रंप की धमकी के बाद ईरान ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। साउथ अफ्रीका स्थित ईरानी दूतावास ने कहा कि अमेरिका को ईरान की प्राचीन सभ्यता से ऐसा जवाब मिलेगा, जिसे वह कभी नहीं भूल पाएगा।
https://x.com/i/status/2041497723166175442
इसी के साथ ईरान यह भी कहा गया कि “हम जवाब देंगे… इंशाल्लाह।”
ईरान ने साफ कर दिया है कि जब तक हमले बंद नहीं होंगे, तब तक किसी भी तरह की बातचीत नहीं होगी। साथ ही, सभी डिप्लोमैटिक चैनल और अप्रत्यक्ष वार्ताएं फिलहाल रोक दी गई हैं।
खाड़ी क्षेत्र में बढ़ता खतरा
तनाव के बीच ईरान ने संकेत दिए हैं कि वह खाड़ी क्षेत्र में जवाबी हमले तेज कर सकता है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, ईरान ने एक जहाज और सऊदी अरब में अमेरिकी कंपनियों से जुड़े औद्योगिक ठिकानों को निशाना बनाया है, जिनमें सऊदी आरामको से जुड़े प्रतिष्ठान भी शामिल बताए जा रहे हैं। इससे पूरे खाड़ी क्षेत्र में युद्ध का खतरा और बढ़ गया है।
क्या होगा आगे?
एक तरफ यूनाइटेड स्टेट (US) का दावा है कि वह इस समय मजबूत स्थिति में है और अब बातचीत के जरिए समाधान निकल सकता है, वहीं दूसरी तरफ ईरान (Iran) ने साफ कर दिया है कि वह किसी भी दबाव में झुकने को तैयार नहीं है। मौजूदा हालात में पूरी दुनिया की नजर इस बात पर टिकी है कि आगे की दिशा क्या होगी। क्या ईरान जवाबी हमलों को और तेज करेगा और टकराव को बड़े युद्ध में बदल देगा, या फिर बढ़ते अंतरराष्ट्रीय दबाव के बीच कूटनीतिक बातचीत का रास्ता अपनाया जाएगा। आने वाले कुछ घंटे और दिन इस संकट की दिशा तय करने में निर्णायक साबित हो सकते हैं।
ट्रंप की “सभ्यता खत्म” वाली चेतावनी और ईरान के “इंशाल्लाह जवाब देंगे” वाले रुख ने साफ कर दिया है कि हालात बेहद विस्फोटक हो चुके हैं। आने वाले कुछ घंटे न सिर्फ इस टकराव की दिशा तय करेंगे, बल्कि वैश्विक राजनीति और सुरक्षा पर भी गहरा असर डाल सकते हैं।






