Air India Pakistan Airspace Incident: दिल्ली से अमृतसर जा रही एयर इंडिया की एक उड़ान सोमवार रात तकनीकी खराबी के कारण अपने निर्धारित मार्ग से भटक गई और कुछ समय के लिए पाकिस्तान के हवाई क्षेत्र में प्रवेश कर गई। पाकिस्तान की एयर ट्रैफिक अथॉरिटी ने चेतावनी जारी की, जिसके बाद विमान को तुरंत भारतीय एयरस्पेस की ओर वापस मोड़ दिया गया।
एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार, विमान सुरक्षित रूप से भारत लौट आया, लेकिन तब तक अमृतसर एयरपोर्ट पर हवाई यातायात बढ़ चुका था। रनवे व्यस्त होने के कारण विमान को अमृतसर में उतरने की अनुमति नहीं मिली और उसे वापस दिल्ली भेज दिया गया।
जानकारी के मुताबिक, एयर इंडिया का एयरबस AI-321 विमान सोमवार रात 9:18 बजे दिल्ली से रवाना हुआ था। यह अपनी निर्धारित समय-सारिणी से करीब 3 मिनट की देरी से उड़ा था। उड़ान के दौरान तकनीकी समस्या आने के बाद विमान निर्धारित रूट से भटक गया और पाकिस्तान के एयरस्पेस में पहुंच गया।
बताया जा रहा है कि पायलट को स्थिति का अंदाजा तब हुआ, जब पाकिस्तान की एयर ट्रैफिक अथॉरिटी की ओर से चेतावनी संदेश मिला। इसके बाद विमान ने तुरंत यू-टर्न लिया और भारतीय हवाई क्षेत्र में वापस प्रवेश किया।
ये भी पढ़ेंः
ट्रंप बोले- ईरान पहली बार अमेरिका का सम्मान कर रहा, ईरान बोला- समझौता हमारी शर्तों पर हुआ
हालांकि, अमृतसर पहुंचने तक एयरपोर्ट पर ट्रैफिक बढ़ चुका था और विमान को लैंडिंग स्लॉट नहीं मिल पाया। एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) ने विमान को वापस दिल्ली लौटने के निर्देश दिए। दिल्ली में सुरक्षित लैंडिंग के बाद विमान को दोबारा अमृतसर के लिए रवाना किया गया।
करीब चार घंटे की देरी के बाद यह विमान सोमवार और मंगलवार की दरमियानी रात 2:20 बजे अमृतसर एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतरा।
एयरपोर्ट अथॉरिटी ने क्या कहा?
अमृतसर एयरपोर्ट के अधिकारियों के मुताबिक, किसी भी विमान की लैंडिंग से पहले एयर ट्रैफिक कंट्रोल अंतिम अनुमति देता है। रनवे की उपलब्धता, बढ़ते हवाई यातायात या तकनीकी कारणों से कई बार विमानों को हवा में इंतजार करना पड़ता है, जो सामान्य प्रक्रिया का हिस्सा है।
अधिकारियों ने बताया कि संबंधित विमान के मामले में तकनीकी कारणों और बढ़े हुए ट्रैफिक की वजह से उसे अमृतसर में उतरने की अनुमति नहीं मिल सकी, इसलिए उसे दिल्ली वापस भेजा गया। यात्रियों को देरी का सामना करना पड़ा, लेकिन किसी बड़े व्यवधान या हंगामे की सूचना नहीं मिली और पूरी स्थिति सामान्य रही।
ये भी पढ़ेंः






