Donald Trump: अमेरिका और ईरान के बीच लंबे समय से जारी तनाव और युद्ध जैसे हालात को खत्म करने की दिशा में बड़ी प्रगति हुई है। दोनों देश सैद्धांतिक रूप से युद्ध को धीरे-धीरे समाप्त करने और होर्मुज स्ट्रेट पर ईरान की नाकाबंदी हटाने को लेकर सहमत हो गए हैं। हालांकि इस समझौते पर अभी अंतिम मुहर लगना बाकी है।
एक वरिष्ठ अमेरिकी अधिकारी के मुताबिक, इस प्रस्तावित समझौते को अंतिम मंजूरी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और ईरान के सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई से मिलनी बाकी है। अधिकारी ने कहा कि इस प्रक्रिया में कुछ दिन लग सकते हैं और अभी तक औपचारिक हस्ताक्षर नहीं हुए हैं।
होर्मुज स्ट्रेट फिर खोलने की तैयारी
प्रस्तावित समझौते के तहत ईरान होर्मुज स्ट्रेट पर लगी नाकाबंदी हटाने के लिए तैयार हो सकता है। यह समुद्री रास्ता दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण तेल व्यापार मार्गों में गिना जाता है। यहां से वैश्विक तेल सप्लाई का बड़ा हिस्सा गुजरता है, इसलिए इसका खुलना अंतरराष्ट्रीय बाजारों के लिए राहत की खबर माना जा रहा है।
यूरेनियम भंडार खत्म करने पर बातचीत
अमेरिकी अधिकारी के अनुसार समझौते के बदले ईरान अपने संवर्धित यानी एनरिच्ड यूरेनियम के भंडार को खत्म करने पर सहमत हो सकता है। हालांकि इसे लागू कैसे किया जाएगा, इस पर अभी बातचीत जारी है।
रिपोर्ट के मुताबिक ट्रंप प्रशासन चाहता है कि अमेरिका खुद इस संवर्धित सामग्री को अपने नियंत्रण में ले। इसी बीच ट्रंप ने सोशल मीडिया पर कहा कि उन्होंने अपने अधिकारियों को बातचीत में “जल्दबाजी न करने” के निर्देश दिए हैं।
ईरान की तरफ से अब तक आधिकारिक पुष्टि नहीं
ईरान ने अभी तक सार्वजनिक रूप से यह स्वीकार नहीं किया है कि कोई अंतिम समझौता हो गया है। पिछले 24 घंटों में ईरानी अधिकारियों के बयानों में भी अलग-अलग संकेत देखने को मिले हैं, जिससे साफ है कि कई मुद्दों पर बातचीत अभी जारी है।
अगर यह समझौता अंतिम रूप लेता है, तो इससे मध्य पूर्व में तनाव कम होने के साथ-साथ वैश्विक तेल बाजार और समुद्री व्यापार को भी बड़ी राहत मिल सकती है।






