Congress Kerala News: केरल में विधानसभा चुनाव में बहुमत मिलने के बावजूद कांग्रेस अब तक मुख्यमंत्री के नाम पर फैसला नहीं कर पाई है। चुनाव नतीजे आए 10 दिन बीत चुके हैं, लेकिन पार्टी के भीतर सहमति नहीं बन सकी। बताया जा रहा है कि 12 मई की रात करीब 3 बजे तक कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गेके घर बैठक चली, जिसमें राहुल गांधी भी मौजूद रहे, लेकिन इसके बावजूद मुख्यमंत्री का नाम फाइनल नहीं हो सका।
14 मई को हो सकता है CM के नाम का ऐलान
कांग्रेस नेता जयराम रमेश के मुताबिक, 14 मई को मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा की जा सकती है। फिलहाल मुख्यमंत्री पद की दौड़ में के. सी. वेणुगोपाल, वी. डी. सतीसन और रमेश चेन्निथला के नाम सबसे आगे बताए जा रहे हैं।
वेणुगोपाल को हाईकमान की पसंद, सतीशन को कार्यकर्ताओं का समर्थन
सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस हाईकमान केसी वेणुगोपाल को मुख्यमंत्री बनाना चाहता है। हालांकि, वीडी सतीशन और रमेश चेन्नीथला इसके पक्ष में नहीं हैं। पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों का झुकाव सतीशन की तरफ बताया जा रहा है, जबकि अधिकांश विधायकों का समर्थन वेणुगोपाल के पास माना जा रहा है।
वहीं, रमेश चेन्नीथला भी रेस में बने हुए हैं। कांग्रेस ने 2011 में उन्हें भविष्य में बड़ा पद देने का भरोसा दिया था। ऐसे में माना जा रहा है कि दो बड़े दावेदारों की खींचतान के बीच चेन्नीथला समझौते के उम्मीदवार बन सकते हैं।
ये भी पढ़ेंः
मोदी ने घटाया अपना काफिला, सिर्फ 2 गाड़ियों के साथ निकले PM; शाह-नड्डा समेत कई राज्यों ने शुरू की ईंधन बचत पहल
राहुल गांधी लगातार नेताओं से कर रहे बातचीत
पार्टी सूत्रों के अनुसार, राहुल गांधी पिछले तीन दिनों से केरल कांग्रेस के नेताओं, समर्थकों और सहयोगी दलों से लगातार बातचीत कर रहे हैं। उनका प्रयास है कि मुख्यमंत्री ऐसा चुना जाए, जो सभी गुटों को स्वीकार हो।
सूत्रों का कहना है कि राहुल गांधी नहीं चाहते कि मुख्यमंत्री का चेहरा दिल्ली से थोपा हुआ लगे। इसी वजह से पार्टी विधायकों, प्रदेश नेताओं, समर्थकों और सहयोगी दलों की राय लेने में समय लगा रही है।
प्रियंका गांधी भी एक्टिव
प्रियंका गांधी वाड्रा भी इस पूरे मामले में सक्रिय हैं। वायनाड से सांसद प्रियंका गांधी ने केरल कांग्रेस के कई नेताओं से अलग-अलग मुलाकात की है। माना जा रहा है कि अंतिम फैसले से पहले उनकी राय भी अहम भूमिका निभा सकती है।
चार राज्यों में शपथ, लेकिन केरल में अब भी इंतजार
4 मई को केरल के साथ पश्चिम बंगाल, असम, तमिलनाडु और पुडुचेरी के चुनाव नतीजे आए थे। बाकी सभी राज्यों में नए मुख्यमंत्री शपथ ले चुके हैं, लेकिन केरल में कांग्रेस अब तक नेतृत्व संकट से जूझ रही है। अब सबकी नजर 14 मई पर टिकी है, जब पार्टी मुख्यमंत्री के नाम का आधिकारिक ऐलान कर सकती है।
ये भी पढ़ेंः






