IPL 2026, GT vs CSK: गुजरात टाइटंस (GT) ने IPL 2026 के 66वें मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) को 89 रन से हराकर प्लेऑफ की रेस में अपनी स्थिति मजबूत कर ली। वहीं इस हार के साथ कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ की टीम का टूर्नामेंट में सफर समाप्त हो गया। सीएसके प्लेऑफ से बाहर होने वाली तीसरी टीम बन गई।
अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में सीएसके ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी, लेकिन गुजरात के बल्लेबाजों ने धमाकेदार प्रदर्शन करते हुए 20 ओवर में 4 विकेट पर 229 रन बनाए। जवाब में चेन्नई की टीम 13.4 ओवर में 140 रन पर सिमट गई।
गिल, साई और बटलर का तूफान
गुजरात के कप्तान शुबमन गिल ने सिर्फ 23 गेंदों में अर्धशतक पूरा करते हुए 64 रन बनाए। साईं सुदर्शन ने 84 रन की शानदार पारी खेली, जबकि जॉस बटलर ने 27 गेंदों पर नाबाद 57 रन ठोके।
वहीं चेन्नई के लिए मुकेश चौधरी, स्पेंसर जॉनसन और अंशुल कंबोज को 1-1 विकेट मिला।
CSK की बल्लेबाजी पूरी तरह फ्लॉप
चेन्नई की शुरुआत बेहद खराब रही। संजू सैमसन और उर्विल पटेल बिना खाता खोले आउट हो गए। कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ सिर्फ 16 रन बना सके।
शिवम दुबे ने जरूर 17 गेंदों में 47 रन की तेज पारी खेली, लेकिन उन्हें दूसरे छोर से सहयोग नहीं मिला।
गुजरात की ओर से मोहम्मद सिराज, कैगिसो रबाडा और रशीद खान ने 3-3 विकेट लेकर सीएसके की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। सिराज को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
दोनों टीमों में बदलाव
गुजरात ने इस मैच में साई किशोर की जगह प्रसिद्ध कृष्णा को मौका दिया, जबकि चेन्नई ने मैथ्यू शॉर्ट को प्लेइंग-11 में शामिल किया।








