Jaish-e-Mohammed Link: राजधानी दिल्ली को एक बड़े आतंकी हमले से बचा लिया गया है। दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल और मुंबई पुलिस ATS ने संयुक्त ऑपरेशन में दो संदिग्ध आतंकियों को गिरफ्तार किया है, जिनका संबंध आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से बताया जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार, दोनों आरोपी दिल्ली में बड़े ब्लास्ट की साजिश रच रहे थे। इनपुट मिलने के बाद दोनों एजेंसियों ने तेजी से कार्रवाई करते हुए मुंबई के कुर्ला और पास के खड़ावली इलाके में छापेमारी कर उन्हें दबोच लिया।
कौन हैं आरोपी?
गिरफ्तार संदिग्धों की पहचान कामरान उर्फ सोनू उर्फ मोजे और बड़ा इमरान के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों लंबे समय से संदिग्ध गतिविधियों में शामिल थे और ऑनलाइन माध्यम से कट्टरपंथ के प्रभाव में आए थे।
संवेदनशील सामग्री बरामद
छापेमारी के दौरान पुलिस को आरोपियों के पास से कुछ संवेदनशील सामग्री मिली है, जिसकी जांच की जा रही है। एजेंसियों को शक है कि ये सामग्री किसी बड़े हमले की तैयारी से जुड़ी हो सकती है।
नेटवर्क की तलाश जारी
फिलहाल दोनों आरोपियों को दिल्ली लाया जा रहा है, जहां उनसे पूछताछ की जाएगी। जांच अब दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल के हवाले है, जो इनके नेटवर्क, संपर्कों और साजिश के मास्टरमाइंड तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।
कुशीनगर कनेक्शन भी सामने आया
इस मामले में उत्तर प्रदेश के कुशीनगर से भी एक युवक को हिरासत में लिया गया है। आरोपी रिजवान अहमद को ट्रांजिट रिमांड पर दिल्ली लाया जा रहा है। उसके मोबाइल, लैपटॉप और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को जब्त कर जांच की जा रही है।
सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर
इस खुलासे के बाद दिल्ली समेत देश के कई बड़े शहरों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। एजेंसियां किसी भी संभावित खतरे को देखते हुए हाई अलर्ट पर हैं और पूरे मॉड्यूल को ध्वस्त करने के लिए लगातार कार्रवाई कर रही हैं।






