Raghav Chadha vs AAP: आम आदमी पार्टी (AAP) के भीतर जारी अंदरूनी कलह अब खुलकर सामने आ गई है। राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा (Raghav Chadha) ने अपनी ही पार्टी के नेताओं पर तीखा हमला बोलते हुए साफ संकेत दे दिया है कि विवाद अभी थमने वाला नहीं है।
चड्ढा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक वीडियो साझा करते हुए लिखा- “ये सिर्फ ट्रेलर है, असली पिक्चर अभी बाकी है।” इस बयान को पार्टी के भीतर बढ़ते टकराव के बीच एक बड़े राजनीतिक संदेश के तौर पर देखा जा रहा है।
पंजाब मेरा घर, मेरा फर्ज- राघव चड्ढा
अपने पोस्ट में चड्ढा ने कहा कि कुछ साथियों को मजबूरी में उनके खिलाफ बयान देने पड़े। उन्होंने जोर देकर कहा, “पंजाब मेरे लिए सिर्फ एक मुद्दा नहीं है, बल्कि मेरा घर, मेरा फर्ज, मेरी मिट्टी और मेरी आत्मा है।”
संसद का वीडियो शेयर कर दिया जवाब
करीब 2 मिनट 59 सेकेंड के वीडियो में चड्ढा संसद में पंजाब से जुड़े कई अहम मुद्दे उठाते नजर आए। इनमें ननकाना साहिब कॉरिडोर, किसानों के MSP की कानूनी गारंटी, पंजाब में गिरते भूजल स्तर और शहीद भगत सिंह को भारत रत्न देने की मांग जैसे मुद्दे शामिल हैं।
https://x.com/i/status/2040652030923223451
विवाद की जड़ क्या है?
दरअसल, यह पूरा विवाद तब शुरू हुआ जब राघव चड्ढा को राज्यसभा में AAP के उपनेता पद से हटा दिया गया। इसके बाद उन्होंने पार्टी नेतृत्व पर अपनी आवाज दबाने का आरोप लगाया।
चड्ढा के बयान के बाद पार्टी के कई नेताओं ने उनके खिलाफ मोर्चा खोल दिया और उन पर समझौते में बंधे होने और नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) से डरने जैसे आरोप लगाए।
इन आरोपों का जवाब देते हुए चड्ढा ने इसे एक “सुनियोजित अभियान” बताया। उन्होंने कहा कि एक ही भाषा और आरोपों के साथ उनके खिलाफ माहौल बनाया जा रहा है। “अगर झूठ को बार-बार दोहराया जाए, तो लोग उस पर विश्वास करने लगते हैं, इसलिए जवाब देना जरूरी था, उन्होंने कहा।”
AAP के भीतर बढ़ती यह सियासी खींचतान आने वाले दिनों में और तेज हो सकती है। चड्ढा के “ट्रेलर-पिक्चर” वाले बयान ने साफ कर दिया है कि पार्टी के अंदर का यह विवाद अभी और गहराने वाला है।







