Yogi Cabinet Expansion: उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर बड़ा सियासी बदलाव देखने को मिलने जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली सरकार में मंत्रिमंडल विस्तार की पूरी तैयारी हो चुकी है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार योगी कैबिनेट का विस्तार रविवार (10 मई) को दोपहर साढ़े 3 बजे होगा, जिसमें 6 नए मंत्रियों को शपथ दिलाई जाएगी।
सूत्रों के मुताबिक इस विस्तार में कई नए और अनुभवी चेहरों को शामिल किया गया है। इनमें प्रमुख नाम भूपेन्द्र चौधरी और मनोज पांडे का है। इनके अलावा सुरेंद्र दिलेरे, कृष्णा पासवान, हंसराज विश्वकर्मा और कैलाश राजपूत को भी मंत्रिमंडल में जगह दी गई है।
बताया जा रहा है कि यह विस्तार केवल संख्या बढ़ाने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके पीछे सामाजिक और राजनीतिक संतुलन साधने की रणनीति भी है। ब्राह्मण, ओबीसी और दलित वर्गों को प्रतिनिधित्व देकर सरकार ने जातीय समीकरण को साधने की कोशिश की है।
ये भी पढ़ेंः
तमिलनाडु में नई सरकार को लेकर सस्पेंस खत्म, विजय रविवार को लेंगे मुख्यमंत्री पद की शपथ; TVK को 121 विधायकों का समर्थन मिला
इसी बीच शनिवार देर शाम मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ राजभवन पहुंचे, जहां उन्होंने राज्यपाल आनंदीबेन पटेल से मुलाकात की। इस मुलाकात के बाद मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर चर्चाएं और तेज हो गईं। हालांकि मुख्यमंत्री योगी ने इस मुलाकात को शिष्टाचार भेंट बताया है और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर राज्यपाल के साथ अपनी तस्वीर भी साझा की है। इस बीच, सीएम योगी की इस मुलाकात के बाद अब मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर स्थिति काफी हद तक स्पष्ट होती नजर आ रही है।
मा. राज्यपाल श्रीमती @anandibenpatel जी से आज जनभवन, लखनऊ में मुख्यमंत्री श्री @myogiadityanath जी महाराज ने शिष्टाचार भेंट की। pic.twitter.com/z2TXehAIUC
— Yogi Adityanath Office (@myogioffice) May 9, 2026
सूत्रों के अनुसार दिल्ली और लखनऊ के शीर्ष नेताओं के बीच भी देर रात तक मंत्रिमंडल के आकार और नामों को लेकर चर्चा चलती रही। बताया जा रहा है कि कुछ मौजूदा मंत्रियों की छुट्टी भी हो सकती है, जबकि सरकार में कुल मंत्रियों की संख्या बढ़कर 60 तक पहुंच सकती है।
फिलहाल पूरे प्रदेश की नजर कल होने वाले शपथ ग्रहण समारोह पर टिकी हुई है, जहां 6 नए मंत्री योगी सरकार का हिस्सा बनकर शपथ लेंगे और कैबिनेट में नई ऊर्जा का संचार करेंगे।
ये भी पढ़ेंः






