Kerala Firecracker Factory Blast: केरल के त्रिशूर जिले में एक पटाखा फैक्ट्री में हुए जोरदार विस्फोट ने पूरे इलाके को दहला दिया। इस दर्दनाक हादसे में 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह घटना उस समय हुई जब त्रिशूर पूरम के लिए तिरुवंबाडी ग्रुप की ओर से पटाखों की सामग्री तैयार की जा रही थी।
धमाके की आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनाई दी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि इसकी आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। स्थानीय लोगों ने पहले इसे भूकंप समझ लिया। हादसे के बाद फैक्ट्री परिसर में आग और घना धुआं फैल गया, जिससे स्थिति और भी भयावह हो गई और राहत कार्यों में बाधा आई।
https://x.com/i/status/2046552578587292085
राहत और बचाव अभियान तेज, घायलों का इलाज जारी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड, रेस्क्यू टीमें और एंबुलेंस मौके पर पहुंच गईं। घायलों को तुरंत त्रिशूर के गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज अस्पताल और अन्य नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। केरल राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (KSDMA) के अनुसार शुरुआती चरण में 13 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया था। कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है और उन्हें ICU में भर्ती किया गया है, जबकि कुछ को मामूली चोटें आई हैं।
प्रधानमंत्री ने जताया शोक, मुआवजे की घोषणा
प्रधानमंत्री ने इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) की ओर से जारी संदेश में कहा गया कि इस घटना में हुई जानमाल की क्षति बेहद दुखद है। प्रधानमंत्री ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
https://x.com/PMOIndia/status/2046582038334238767
साथ ही, प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से प्रत्येक मृतक के परिजनों को 2 लाख रुपए और घायलों को 50,000 रुपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की गई है।
देश में पहले भी हो चुके हैं ऐसे दर्दनाक हादसे
यह पहला मामला नहीं है जब पटाखा फैक्ट्रियों में विस्फोट से बड़ी जनहानि हुई हो। हाल ही में महाराष्ट्र के पालघर में हुए विस्फोट में 2 लोगों की मौत हो गई थी और 4 लोग घायल हुए थे। वहीं तमिलनाडु के विरुधुनगर जिले में एक पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण धमाके में 25 लोगों की जान चली गई थी। इन घटनाओं ने देश में पटाखा उद्योग की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।








