Pratapgarh Murder Case: उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ से एक सनसनीखेज हत्याकांड सामने आया है, जिसने रिश्तों, भरोसे और लालच के खतरनाक संगम को उजागर कर दिया है। यहां पूर्व प्रधान मुस्तका गुलशन उर्फ मुन्ना की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है और इस पूरे मामले की मुख्य साजिशकर्ता निकली उनकी ही प्रेमिका।
18 मार्च से लापता, नहर में बोरे में मिला शव
यह पूरा मामला प्रतापगढ़ के मांधाता थाना क्षेत्र के मिश्रपुर गांव का है। 18 मार्च को मुन्ना अचानक लापता हो गए थे। परिजनों ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस जांच में जुट गई।
कुछ दिनों बाद सुमेरपुर गांव के पास नहर किनारे एक संदिग्ध बोरा मिला। जब पुलिस ने उसे खोला तो अंदर मुन्ना का शव बरामद हुआ। इस खुलासे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
प्रेमिका ने बुलाया, साथियों संग रची मौत की साजिश
जांच के दौरान पुलिस ने मोबाइल कॉल डिटेल खंगाली, जिससे शक की सुई मुन्ना की प्रेमिका सुमन पर जा टिकी। हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तो पूरा सच सामने आ गया जानकारी के मुताबिक, सुमन ने 18 मार्च को मुन्ना को मिलने के लिए बुलाया था। जैसे ही वह पहुंचे, पहले से मौजूद सुमन के साथियों और उसके भाई ने लोहे की रॉड से उनके सिर पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। मौके पर ही उनकी मौत हो गई। इसके बाद आरोपियों ने शव को बोरे में भरकर नहर में फेंक दिया, ताकि सबूत मिटाए जा सकें।
दो पत्नियां, 18 बच्चे… फिर भी अफेयर
मुस्तका गुलशन उर्फ मुन्ना 2016 में मिश्रपुर गांव के प्रधान रह चुके थे। उनकी निजी जिंदगी भी कम चौंकाने वाली नहीं थी।
उनकी दो पत्नियां, किस्मतुल निशा और अम्बिया बानो, एक ही घर में रहती थीं। दोनों से उन्हें कुल 18 बच्चे थे, जिनमें पहली पत्नी से 9 और दूसरी से भी 9 संतानें शामिल हैं।
इतना बड़ा परिवार होने के बावजूद मुन्ना का प्रेम संबंध ही आखिरकार उनकी मौत की वजह बन गया।
कॉल डिटेल से खुला राज, आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने तकनीकी जांच के जरिए कॉल डिटेल निकाली, जिससे पूरे मामले की कड़ियां जुड़ती चली गईं। मुख्य आरोपी सुमन को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, इस मामले में सभी दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और जल्द ही पूरी साजिश में शामिल बाकी लोगों को भी पकड़ लिया जाएगा।






