Varanasi Spa Racket: उत्तर प्रदेश के वाराणसी में स्पा सेंटर की आड़ में चल रहे एक बड़े सेक्स रैकेट का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। राजातालाब क्षेत्र के कचनार इलाके में स्थित ‘AURA HEAVEN’ नाम के स्पा सेंटर पर छापेमारी के दौरान कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं।
पुलिस को सूचना मिली थी कि इस स्पा सेंटर में मसाज के नाम पर अवैध गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। इसी आधार पर राजातालाब पुलिस और SOG-2 की संयुक्त टीम ने यहां अचानक रेड की। छापेमारी के दौरान अंदर का नजारा देखकर पुलिस भी हैरान रह गई।
स्पा के भीतर कई छोटे-छोटे केबिन बनाए गए थे, जहां रंगीन लाइटों के बीच संदिग्ध गतिविधियां चल रही थीं। तलाशी के दौरान मौके से भारी मात्रा में यूज्ड और अनयूज्ड कंडोम के साथ कई आपत्तिजनक वस्तुएं बरामद हुईं, जिससे साफ हो गया कि यहां देह व्यापार का धंधा चल रहा था।
रेड के दौरान मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्पा का संचालक अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर तीन युवतियों और दो युवकों को मौके से गिरफ्तार कर लिया। सभी को संदिग्ध परिस्थितियों में पकड़ा गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।
जांच में सामने आया कि जिस बिल्डिंग में यह स्पा संचालित हो रहा था, वह मनोज गुप्ता की है। इसे करीब दो महीने पहले जौनपुर निवासी अनिल कुमार ने किराए पर लिया था। पकड़े गए युवक पास के मिर्जामुराद क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
मौके से मिले साक्ष्यों की पुष्टि के लिए फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया है। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है, ताकि इस रैकेट से जुड़े अन्य लोगों तक भी पहुंचा जा सके।
राजातालाब के एसीपी अजय श्रीवास्तव ने कहा है कि अनैतिक गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस मामले में शामिल सभी लोगों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।






