Yogi Adityanath: उत्तर प्रदेश में रसोई गैस को लेकर फैल रही अफवाहों और अचानक बढ़ी भीड़ के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने साफ कहा कि गैस सिलेंडर को लेकर किसी तरह की अफरा-तफरी की जरूरत नहीं है और अफवाह फैलाने वालों से सावधान रहने की अपील की।
अफवाहों से बचने की अपील
सीएम योगी ने कहा कि कुछ लोग जानबूझकर गलत जानकारी फैलाकर माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने जनता से अपील की कि वे ऐसी बातों पर ध्यान न दें और सरकार व प्रशासन पर भरोसा रखें।
“लाइन लगाने की जरूरत नहीं”
गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (गीडा) में एक कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि गैस एजेंसियों के बाहर लाइन लगाने की कोई जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि जैसे पहले घर-घर सिलेंडर की डिलीवरी होती थी, वैसे ही अब भी होती रहेगी।
समय पर करें बुकिंग
सीएम योगी ने लोगों से अपील की कि वे घबराकर बार-बार बुकिंग न करें। निर्धारित समय पर गैस सिलेंडर बुक करें, आपकी बारी आने पर सिलेंडर सीधे घर पहुंच जाएगा। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर पहले एक सिलेंडर एक महीने चलता था, तो अब लोग 5-6 दिन में ही नया सिलेंडर लेने क्यों पहुंच रहे हैं।
अधिकारियों को दिए निर्देश
मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार ने सभी जिला प्रशासन को स्पष्ट निर्देश दे दिए हैं कि गैस सप्लाई की व्यवस्था सुचारू रूप से जारी रहे। किसी भी स्तर पर कमी नहीं आने दी जाएगी।
पश्चिम एशिया तनाव का असर
सीएम योगी ने यह भी कहा कि पश्चिम एशिया में जारी तनाव का असर वैश्विक स्तर पर पड़ रहा है। यदि हालात लंबे समय तक बने रहे, तो इसका असर हर व्यक्ति पर पड़ सकता है। ऐसे में लोगों को संयम बनाए रखना चाहिए और घबराहट में आकर फैसले नहीं लेने चाहिए।
वहीं, सरकार ने साफ कर दिया है कि राज्य में गैस की कोई कमी नहीं है। जरूरत है तो सिर्फ अफवाहों से दूर रहने और धैर्य बनाए रखने की, ताकि अनावश्यक भीड़ और अफरा-तफरी से बचा जा सके।






